![]()
अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तरनतारन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार, 12 सितंबर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद वांछित अपराधी जगजीत सिंह उर्फ जग्गी निवासी मुरादपुरा को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में दो गोलियां लगी हैं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, जगजीत सिंह पहले से दर्ज एक मामले में वांछित था, जिसमें उस पर पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप है। 12 सितंबर को खुफिया जानकारी मिलने पर जब पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया, तो उसने पेट्रोल पंप के पास भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई और वह गिर गया। चेतावनी देने के बाद भी नहीं रुका, जवाबी फायरिंग में हुआ घायल मोटरसाइकिल गिरते ही आरोपी ने अपने अवैध हथियार से पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा चेतावनी दिए जाने के बाद भी जब आरोपी नहीं रुका, तो पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।एसपी (डी) रिपूतापन सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। इस घटना के संबंध में तरनतारन पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत नया केस (नंबर 246) दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के नेटवर्क, हथियार के स्रोत और उसके अन्य साथियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
Source link
तरनतारन में वॉन्टेड आरोपी पुलिस एनकाउंटर में घायल:पहले भी पुलिस पर फायरिंग का आरोपी, 109 BNS और आर्म्स एक्ट में नया केस दर्ज
