![]()
मथुरा पुलिस ने देवास निवासी तेल कारोबारी अशोक जैन की करीब 19 करोड़ 44 लाख 16 हजार रुपये की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की है। यह कार्रवाई रिफाइनरी पाइपलाइन से तेल चोरी के तीन साल पुराने मामले में की गई। कार्रवाई बुधवार को हुई थी, जिसकी जानकारी शुक्रवार को सामने आई। मथुरा पुलिस की टीम बुधवार को देवास पहुंची थी। सोनकच्छ प्रशासन के सहयोग से टीम ने सोनकच्छ तहसील की जमीनों और एक पेट्रोल पंप को सील किया। कुर्क की गई संपत्तियों पर मथुरा जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का बोर्ड लगाया गया। संबंधित गांवों में मुनादी भी कराई गई। तीन साल तेल चोरी की गई थी
पुलिस के अनुसार, करीब तीन साल पहले मथुरा के फरह क्षेत्र के सेरसा गांव के पास रिफाइनरी पाइपलाइन में सेंध लगाकर बड़े पैमाने पर तेल चोरी की गई थी। जांच में इस मामले का खुलासा हुआ और पुलिस ने गिरोह के 11 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की थी। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अशोक जैन ने कथित अवैध कमाई से मध्य प्रदेश में कई संपत्तियां खरीदी थीं। इनमें इंदौर स्थित एक पेट्रोल पंप, देवास जिले में तीन कृषि भूमि और दो प्लॉट शामिल हैं। इन सभी संपत्तियों की कुल कीमत करीब 19 करोड़ 44 लाख 16 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इन्हें कुर्क करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। सोनकच्छ के तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट हर्षल बहरानी ने मथुरा पुलिस की इस कार्रवाई की पुष्टि की है।
Source link
तेल कारोबारी की 19.44 करोड़ की संपत्ति कुर्क:देवास के अशोक जैन पर रिफाइनरी पाइपलाइन चोरी मामले में यूपी पुलिस ने की कार्रवाई
