![]()
दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी को 6016 वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। सत्ता में रहते हुए हुई हार के बाद बीजेपी भितरघातियों पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। आज कैबिनेट की मीटिंग के पहले दतिया उपचुनाव में हुई हार को लेकर समीक्षा बैठक बुलाई गई है। यह बैठक संभवत: सीएम हाउस में होगी। जिसमें सीएम डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद रहेंगे। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह भी शाम तक भोपाल पहुंचेंगे। डिप्टी सीएम समेत चुनाव में गए नेताओं को बुलाया
आज होने वाली समीक्षा बैठक में दतिया के चुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी से लेकर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, राकेश शुक्ला सहित दो दर्जन ऐसे नेता शामिल होंगे, जो दतिया उपचुनाव में भेजे गए थे। पूर्व मंत्री यशोधरा ने हार पर पार्टी को घेरा
दतिया उपचुनाव में हुई हार के बाद पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने X पर लिखा- आत्ममंथन का समय…. इसके आगे यशोधरा ने हैशटैग के साथ लिखा- दतिया बाय इलेक्शन… बांकीपुर बाय इलेक्शन टीकमगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल सिंह ने दतिया की हार के बाद फेसबुक पर लिखा- जब कार्यकर्ता की जगह अधिकारी ये बोलने लगें कि हमारी पहुंच ऊपर तक है, तब परिणाम विपरीत ही आएंगे।उमिता लोधी, पूर्व सीएम उमा भाारती के भतीजे राहुल सिंह(पूर्व मंत्री) की पत्नी और वर्तमान में टीकमगढ़ की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। दतिया के दर्जन भर पार्षदों पर हो सकता है एक्शन
बीजेपी सूत्रों की मानें तो उपचुनाव में दतिया शहरी क्षेत्र में बीजेपी को अच्छे वोट मिलने की उम्मीद थी लेकिन, शहरी क्षेत्र से कांग्रेस को लीड मिल गई। दतिया शहरी क्षेत्र में आशुतोष तिवारी 11 हजार से ज्यादा वोटों से हारे। वहीं दतिया के ग्रामीण क्षेत्रों में बीजेपी को पांच हजार से ज्यादा वोटों की लीड मिली। पार्टी को मिली अंदरूनी रिपोर्ट में दतिया नगर पालिका के दर्जन भर से ज्यादा पार्षदों द्वारा भितरघात करने की बात सामने आई है। आज समीक्षा बैठक के बाद भितरघात करने वाले पार्षदों पर एक्शन लिया जा सकता है। भाजपा जिलाध्यक्ष सहित बडे़ पदाधिकारियों की रिपोर्ट जाएगी दिल्ली
दतिया उपचुनाव में भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाह के वार्ड से भी बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को हार का सामना करना पड़ा है। जिला अध्यक्ष से लेकर जिले के तमाम पदाधिकारियों के खिलाफ भितरघात की शिकायतों पर एक रिपोर्ट बनाकर प्रदेश संगठन की ओर से दिल्ली केन्द्रीय नेतृत्व के पास भेजी जाएगी। पूरे समय प्रचार में रहे नरोत्तम लेकिन, समर्थक नहीं माने दतिया उपचुनाव में टिकट कटने के बाद पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाइवे 12 घंटे से ज्यादा समय तक जाम कर उग्र रूप में अपना विरोध जताया। नरोत्तम की अपील के बाद कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक तौर पर विरोध-प्रदर्शन तो बंद कर दिए। लेकिन, मन से वे भाजपा प्रत्याशी को नहीं स्वीकार कर पाए। सीएम और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के साथ डॉ. नरोत्तम मिश्रा पूरे समय सभाओं में मौजूद रहे। बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के साथ उन्होंने पूरे क्षेत्र में प्रचार किया। लेकिन, नरोत्तम के प्रचार में रहने के बावजूद समर्थक बीजेपी के साथ नहीं आए। फर्जी प्रचार करने वालों के कनेक्शन की भी होगी जांच
उपचुनाव के दौरान सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक पोस्ट करने वाले यूजर्स के किन नेताओं से संबंध हैं, इसकी भी जांच कराई जाएगी। दतिया में मतदान के ठीक पहले पूर्व पार्षद कल्लू कुशवाह की पत्नी का वीडियो पोस्ट कर उसे वायरल करने वाले बीजेपी पदाधिकारियों की भी लिस्ट बनाई जा रही है। वहीं जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाह को पद से हटाने वाले फर्जी पत्र को पोस्ट करने वाले के पॉलिटिकल कनेक्शन खोजे जा रहे हैं। सीएम बोले- जनता का फैसला शिरोधार्य, बीजेपी का ट्रैक रिकॉर्ड मजबूत दतिया उपचुनाव के परिणामों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “पिछले विधानसभा चुनाव के बाद अगर सभी 29 लोकसभा सीटें जीती हैं, तो आजादी के बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने जीती हैं। लोकसभा के बाद विधानसभा के उपचुनाव में बुधनी की सीट हमने अपने पास रखी, बल्कि अमरवाड़ा की कांग्रेस की सीट भी बीजेपी ने जीती। यह हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है। इसी के साथ तीनों राज्यसभा की सीटें भी आजादी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने जीती हैं। मैं फिर कहना चाहूंगा कि लोकतंत्र में चुनाव इसी बात के लिए होते हैं। हमने अपनी बात रखी, कांग्रेस ने अपनी बात रखी। जनता ने जो निर्णय किया, उसे हम शिरोधार्य करते हैं। आने वाले चुनाव और ताकत से लड़ेंगे और जीतेंगे। हेमंत खंडेलवाल बोले- जनादेश को विनम्रता पूर्वक स्वीकार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा- दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं ने जो जनादेश दिया है, भारतीय जनता पार्टी उसे पूर्ण विनम्रता के साथ स्वीकार करती है। हम चुनाव परिणाम की विस्तृत एवं तथ्यपरक समीक्षा करेंगे और उसके आधार पर आगामी रणनीति तय करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने इससे पूर्व अमरवाड़ा और बुधनी विधानसभा उपचुनावों में जनता का विश्वास प्राप्त कर विजय हासिल की है। दतिया के जनादेश का भी हम पूर्ण सम्मान करते हैं और जनता की सेवा एवं संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करते रहेंगे।
Source link
दतिया के दर्जनभर पार्षदों पर हो सकता है एक्शन:पार्टी ने बुलाई समीक्षा बैठक, पूर्व मंत्री यशोधरा ने लिखा-आत्ममंथन का समय
