![]()
सिद्धार्थनगर में मिश्रौलिया क्षेत्र के परसोहिया गांव की एक विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी में करीब 20 लाख रुपये और जेवर देने के बाद भी ससुराल पक्ष ने चार पहिया वाहन और मायके से 10 लाख रुपये लाने की मांग की। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। कई दिनों तक खाना नहीं दिया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। विवाद बढ़ने पर उसे घर से निकाल दिया गया। विवाहिता की शादी 4 नवंबर 2024 को बसावन पाकर उर्फ मदरहिया निवासी हाशिम अली सिद्दीकी से हुई थी। परिवार के मुताबिक, शादी में फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, डबल बेड, पंखे, अलमारी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत कई घरेलू सामान दिए गए थे। इसके अलावा सोने-चांदी के जेवर भी दिए गए। बारात और स्वागत में करीब पांच लाख रुपये खर्च किए गए थे।
बेटी की शादी के लिए पिता ने अपनी दो बीघा जमीन 14 लाख रुपये में बेच दी थी। शिकायत में कहा गया है कि अलग-अलग खातों में रुपये भेजने और नकद मिलाकर करीब 20 लाख रुपये दामाद के पिता इसराइल साबिजाद सिद्दीकी को दिए गए थे। इसके बावजूद विवाहिता से अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई। इस मामले में पति हाशिम अली सिद्दीकी, ससुर इसराइल साबिजाद सिद्दीकी, सास मेहलका उर्फ माहेलता, सादिक अली, अली हसन, जुगर्रा उर्फ जिगुरा, जाने आलम उर्फ डब्लू और हसीबुन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायत में सभी पर दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। विवाहिता ने 16 जून को भी शिकायत की थी। इसके बाद समझाने पर कुछ समय के लिए मामला शांत रहा, लेकिन आरोप है कि ससुराल लौटने के बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई। 23 जून को कथित तौर पर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद उसके भाई फिरोज और इमरान उसे मायके लेकर आए। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने विवाहिता का सामान और जेवर अपने पास रख लिए। साथ ही दोबारा ससुराल आने के लिए चार पहिया वाहन और 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया गया। परिवार ने मामले में कार्रवाई की मांग की। इसके बाद 12 सितंबर को महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच निरीक्षक भाग्यवती पांडेय को सौंपी गई है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
Source link
दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला:20 लाख देने के बाद और दहेज की मांग, पति समेत 8 पर FIR
