Headlines

दिल्ली के पार्कों का एक सप्ताह में होगा सुरक्षा ऑडिट:एलजी ने संबंधित सभी विभागों से मांगी रिपोर्ट, कालकाजी गैंगरेप के बाद लिया एक्शन




दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित गैंगरेप की घटना के बाद उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के सभी पार्कों का एक सप्ताह में सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। एलजी ने डीडीए, एमसीडी, एनडीएमसी और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों से पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रिपोर्ट मांगी है। ऑडिट में पार्कों में पर्याप्त और चालू लाइटें, सुरक्षा व्यवस्था, नियमित पुलिस गश्त, सीसीटीवी कामरों और साफ-सफाई की स्थिति की जांच होगी। आस्था कुंज की घटना के बाद पार्क के कई हिस्सों में अंधेरा और निगरानी की कमी की बात सामने आई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, पार्क में कई लैंप पोस्ट काम नहीं कर रहे थे और सीसीटीवी की संख्या भी पर्याप्त नहीं थी। एलजी ने दिल्ली पुलिस को पार्कों के आसपास बीट पेट्रोलिंग बढ़ाने और जरूरत के अनुसार पैदल व मोटरसाइकिल गश्त मजबूत करने को कहा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पार्कों के आसपास पिंक पुलिसकर्मियों की मौजूदगी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। आरडब्ल्यूए की मदद से पार्कों के रखरखाव और साफ-सफाई को बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, तीन आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके दोस्त को धमकाया था। इसके बाद किशोरी को पार्क के सुनसान हिस्से में ले जाकर वारदात की गई। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गैंगरेप के बाद एलएसआर में कक्षाएं ऑनलाइन
आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमेन ने छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए मंगलवार से नियमित कक्षाएं रद्द कर दीं। बुधवार से कक्षाएं ऑनलाइन करने का फैसला लिया गया है। कॉलेज प्रशासन ने दिल्ली पुलिस से कॉलेज के आसपास, खासकर पिछले गेट और आसपास के पार्कों व गलियों में गश्त बढ़ाने का अनुरोध किया है। प्रिंसिपल कनिका के. आहूजा ने छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को पिछले गेट के पास अनावश्यक रूप से जमा नहीं होने की सलाह दी है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने मांगी सात दिन में रिपोर्ट
राष्ट्रीय महिला आयोग ने आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से कथित गैंगरेप और उसके दोस्त से मारपीट के मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मामले की समयबद्ध जांच और आरोपियों पर बीएनएस व पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की है। आयोग ने सार्वजनिक पार्कों में सुरक्षा और पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा पीड़िता, उसके परिवार और घायल दोस्त को जरूरी चिकित्सीय, कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता देने पर जोर दिया है। आयोग ने सात दिन में एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *