दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में यमुनानगर में कांग्रेस का प्रदर्शन:PM मोदी के पुतले को चप्पलों से पीटा, लाठियां मारकर आग लगाई




दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को यमुनानगर कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहले जगाधरी अनाज मंडी गेट पर करीब एक घंटे तक धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले को लाठियों और चप्पलों से पीटते हुए आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में कांग्रेसी लघु सचिवालय पहुंचे और जिला उपायुक्त प्रीति के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्र-युवा मुद्दों पर हस्तक्षेप की मांग की। लाठीचार्ज को बताया अधिकारों का हनन कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह कहा कि देशभर में छात्र-छात्राएं परीक्षा अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही है। छात्रों पर लाठीचार्ज और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और भर्ती में देरी के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस युवाओं की आवाज के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष करेगी। केंद्रिय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें, परीक्षा एवं भर्ती संबंधी मामलों पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए तथा नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर दर्ज सभी एफआईआर तत्काल वापस ली जाएं। साथ ही छात्रों के खिलाफ की जा रही दमनात्मक कार्रवाई पर रोक लगाते हुए उनकी लोकतांत्रिक मांगों पर न्यायोचित निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्र-युवाओं की आवाज उठा रहे हैं और पार्टी आगे भी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *