![]()
सूरजपुर जिले के भैयाथान क्षेत्र में विश्व आदिवासी दिवस पर हुए विवाद में नया मोड़ आ गया है। दुकानदार से मारपीट के आरोप में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। यह विवाद विश्व आदिवासी दिवस के दिन शुरू हुआ था। भैयाथान क्षेत्र में एक दुकान संचालक पर आदिवासी समाज की बालिकाओं को जातिगत अपशब्द कहने का आरोप लगा था। इसके विरोध में रैली में शामिल आदिवासी समाज के लोगों ने थाने में दुकानदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिससे यह मामला सुर्खियों में आ गया था। दुकानदार ने भी युवकों पर मारपीट का लगाया आरोप अब इसी विवाद में दुकानदार ने भी पुलिस थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। दुकानदार ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इस शिकायत के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट और संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विश्व आदिवासी दिवस के दिन शुरू हुए इस विवाद में अब दोनों पक्षों की शिकायतें पुलिस तक पहुंच चुकी हैं। एक तरफ आदिवासी समाज की शिकायत पर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई हुई थी, वहीं दूसरी ओर दुकानदार की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल मामले से जुड़े वीडियो, शिकायतों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
Source link
दुकानदार ने मारपीट का आरोप लगाया,चार युवकों पर केस दर्ज:विश्व आदिवासी दिवस पर जातिगत टिप्पणी के आरोप में समाज ने दर्ज कराई थी शिकायत
