![]()
जयपुर के मानसरोवर इलाके में राखी के त्योहार को देखते हुए जयपुर सीएमएचओ की फूड सेफ्टी टीम ने बुधवार को दो स्वीट्स की दुकानों पर छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान 20 किलो पनीर और 125 किलो खराब मिठाई मिली, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की भी जांच की। सीएमएचओ जयपुर (सेकेंड) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि फूड सेफ्टी टीम ने मानसरोवर स्थित मैसर्स डी.जे. पनीर उद्योग पर सबसे पहले विजिट की। यहां दुकान संचालक खैरथल और अलवर से मिल्क केक मंगवाकर मिठाई की दुकानों पर सप्लाई करते मिला। प्रोपराइटर ने बताया कि मिल्क पाउडर, लिक्विड ग्लूकोज आदि से तैयार मिल्क केक 250 रुपए किलो में खरीदकर आगे बाजार में बेचते है। इस पर टीम ने मिल्ककेक के सैंपल लेकर यहां रखे 50 किलो मिल्ककेक के स्टॉक को जांच रिपोर्ट आने तक कोल्ड रूम में सीज करवाया। टीम ने डी.जे. पनीर उद्योग में ही रखा घटिया क्वालिटी का पनीर भी नष्ट करवाया। पनीर, मिठाइयां नष्ट करवाई प्रोपराइटर ने बताया कि वह ये पनीर चौंमू की मंडियों से 230 रुपए किलो में खरीदकर लाता है और यहां लाकर अलग-अलग दाम पर रिटेल शॉप पर बेचता है। टीम ने पनीर के सैंपल लेने के बाद शेष लगभग 20 किलो पनीर को नष्ट करवाया गया। इसके अलावा टीम ने पत्रकार कॉलोनी रोड स्थित मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भंडार पर भी विजिट की। यहां टीम को रसगुल्ले,कानपुरी लड्डू, घेवर, गुलाब जामुन रखे मिले, जिनमें से अजीब-सी बदबू आ रही थी। प्रथम दृष्ट्या वह खराब दिख रही थी। इन सभी मिठाई का कुल वजन करीब 125 किलोग्राम था, जिसे टीम ने मौके पर नष्ट करवाया गया।
Source link
दो स्वीट्स दुकानों पर फूड सेफ्टी टीम का छापा:20 किलो पनीर और 125 किलो खराब मिठाई को करवाया नष्ट
