Headlines

धनबाद में पुलिस-अपराधी मुठभेड़ मामला:तीन अपराधी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी, शूटर सागर सिंह के पैर में लगी गोली




धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के पास बुधवार शाम पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू के पैर में गोली लगी है। घायल सागर को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, सागर धनबाद में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से पहुंचा था। उसके दो साथियों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य अपराधी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। बाहर से आए थे पांच अपराधी धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बाहर से पांच अपराधी धनबाद पहुंचे हैं। सभी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सूचना के बाद सिटी एसपी की अगुवाई में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी शामिल किए गए। मंगलवार रात से ही अपराधियों की तलाश में अलग-अलग इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी गई थी। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ अपराधी निरसा थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। इसके बाद एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के पास कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सागर के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हथियार और कारतूस बरामद मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक हथियार और कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड और धनबाद आने के उद्देश्य की भी जानकारी जुटा रही है। घायल सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में भी सामने आया था। पुलिस के अनुसार, वह इस चर्चित हत्याकांड में मुख्य शूटरों में से एक रहा है। इसके अलावा जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड में भी पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सागर और उसके साथियों का धनबाद में किसी स्थानीय अपराधी या गिरोह से संपर्क था या नहीं। फरार दो अपराधियों की तलाश में छापेमारी एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, पूछताछ पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पांचों अपराधी धनबाद में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर उनके नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अपराधियों को धनबाद में किसने पनाह दी और वे किस घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *