धमतरी में रेत से भरे ट्रैक्टर ने मासूम को कुचला:पिता गोद में लेकर बैठा रहा, ग्रामीणों ने ड्राइवर को पीटा, वाहन में लगाई आग




छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रेत से भरे ट्रैक्टर ने करीब साढ़े चार साल के बच्चे को कुचल दिया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ड्राइवर को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद ट्रैक्टर में आग लगा दी और बच्चे के शव को सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। यह घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी की है। मृतक बच्चे की पहचान फनिस सोनी के रूप में हुई है। वह नाग मणि सोनी का बेटा था। बताया गया कि फनिस अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान नारी पुल की तरफ से रेत से भरा ट्रैक्टर आया और बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। वहीं, गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने गांव के बीच चौक पर बच्चे का शव रखकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। इससे सड़क पर करीब 700 मीटर तक वाहनों की कतार लग गई। यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। अवैध रेत उत्खनन बंद करने की मांग ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और भंडारण किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इसकी जानकारी अधिकारियों को होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने मौके पर खनन विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग की। ग्रामीणों ने सरपंच पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सरपंच महिला हैं, लेकिन उनके पति ही सरपंच के तौर पर काम करते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच की माइनिंग विभाग और ट्रैक्टर संचालकों से मिलीभगत है। घटना के बाद सरपंच को मौके पर बुलाया गया, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचीं। ग्रामीणों ने मांग की है कि मृत बच्चे के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही पंच, सरपंच और ग्राम सदस्यों के इस्तीफे की मांग की गई है। ग्रामीणों ने नारी गांव के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की भी मांग की है, ताकि तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। सूचना मिलने पर पुलिस और तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की। एडिशनल एसपी ने बताया एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने बताया कि नारी गांव में एक ट्रैक्टर रेत लेकर जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर की चपेट में बच्चे आ गए। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और चक्काजाम कर दिया। इस दौरान ट्रैक्टर चालक से मारपीट भी की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हो गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *