![]()
धर्मशाला के वार मेमोरियल के पास स्थित द शंगास कैफे के बाहर एक युवक पर तलवार और डंडों से कथित जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में धर्मशाला पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक नामजद आरोपी सहित 7-8 युवकों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, कांगड़ा जिले के इंदौरा तहसील के गांव कांगरेड़ी निवासी शिवांग 2 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे अपने दोस्तों के साथ कैफे में मौजूद थे। इसी दौरान 7-8 युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए शिवांग को जान से मारने की धमकी दी। लोगों के इकट्ठा होने पर भागे हमलावर शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों में से एक युवक के हाथ में तलवार थी, जबकि अन्य के पास डंडे थे। इन युवकों ने शिवांग पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। शिवांग ने सूरज नामक एक युवक की पहचान करते हुए आरोप लगाया है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला किया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। धर्मशाला पुलिस थाना ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(2), 191(3), 333, 351(2) और 352 के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल शशि पाल को सौंपी गई है।
Source link
धर्मशाला में युवक पर जानलेवा हमला:दोस्तों के साथ कैफे में बैठा, तलवार और लाठी-डंडे लेकर आए हमलावर, 8 पर केस दर्ज
