Headlines

धौलपुर में 2 बसों को किया सीज:13 के काटे चालान, 1.76 लाख का लगाया जुर्माना, जांच में मिलीं सुरक्षा खामियां




धौलपुर में विशेष अभियान के तहत लग्जरी और स्लीपर बसों का सघन निरीक्षण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव के नेतृत्व में एक संयुक्त निरीक्षण दल ने सागरपाड़ा चौकी पर 15 बसों की जांच की।
इस दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 13 बसों का चालान किया गया और 2 बसों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। कुल 1 लाख 76 हजार 400 रुपए का जुर्माना लगाया गया। निरीक्षण दल ने बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र जैसे वैधानिक दस्तावेजों की गहनता से जांच की। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, प्राथमिक उपचार किट, स्लीपर बर्थ की स्थिति और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। 15 बसों की जांच में मिली कमियां
जांच के दौरान कई बसों में अग्निशमन यंत्र निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसके अलावा प्राथमिक उपचार किट, चिकित्सा सामग्री और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं में भी कमियां मिलीं। स्लीपर बर्थ की स्थिति, साफ-सफाई और यात्रियों को प्रदान की जा रही अन्य सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। निरीक्षण दल में सचिव रेखा यादव के साथ अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बबीता वर्मा, जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव, परिवहन निरीक्षक मुकुल, यातायात एसआई महेश चंद, स्टेनो राहुल डंडोतिया, कनिष्ठ सहायक संदीप और सागरपाड़ा चौकी प्रभारी घनश्याम सहित पुलिस टीम शामिल थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *