![]()
हिमाचल प्रदेश के अंब-अंदौरा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22448/22447) अब नंगल डैम स्टेशन पर भी रुकेगी। रेलवे हेडक्वार्टर ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। यह स्टॉपेज प्रायोगिक आधार पर होगा। ट्रेन संख्या 22448 (अंब-अंदौरा से नई दिल्ली) का नंगल डैम स्टेशन पर ठहराव 29 जुलाई से प्रभावी होगा। वहीं, ट्रेन संख्या 22447 (नई दिल्ली से अंब-अंदौरा) का ठहराव 30 जुलाई से लागू होगा। इस सुविधा से नंगल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में आसानी होगी। 22448 वंदे भारत एक्सप्रेस नंगल डैम स्टेशन पर दोपहर 1:41 बजे पहुंचेगी और 1:43 बजे रवाना होगी, यानी दो मिनट का ठहराव होगा। 10 मिनट का वाटरिंग हॉल्ट भी रहेगा इसके अतिरिक्त, दोपहर 1:43 बजे से 1:53 बजे तक 10 मिनट का वाटरिंग हॉल्ट भी रहेगा, जो पहले की तरह जारी रहेगा। नई दिल्ली से अंब-अंदौरा जाने वाली 22447 वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 10:16 बजे नंगल डैम स्टेशन पहुंचेगी और 10:18 बजे प्रस्थान करेगी। यह भी दो मिनट का ठहराव होगा। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन अंब-अंदौरा और नई दिल्ली के बीच चलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 अक्टूबर, 2022 को ऊना रेलवे स्टेशन से इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह देश की चौथी सेमी हाई स्पीड ट्रेन है, जिसे ऊना और अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशनों से यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। वंदे भारत एक्सप्रेस ऊना से 5 घंटे और अंब-अंदौरा से 5 घंटे 20 मिनट में दिल्ली पहुंचाती है, जिसके कारण यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। यह ट्रेन बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी सुविधाजनक साबित हुई है, जो विश्व विख्यात शक्तिपीठों जैसे श्री माता चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, बज्रेश्वरी देवी, चामुंडा देवी, और पर्यटन स्थलों जैसे धर्मशाला, मैकलोडगंज, पालमपुर, बैजनाथ, डलहौजी, खजियार और चंबा की यात्रा करते हैं। अंब-अंदौरा स्टेशन इन स्थानों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है।
Source link
नंगल डैम पर रुकेगी अंब-अंदौरा-नई दिल्ली वंदे भारत:29 जुलाई से शुरू होगा नया स्टॉपेज; यात्रियों को दिल्ली सफर में मिलेगी राहत
