![]()
पूर्णिया के बायसी प्रखंड अंतर्गत जाबर गांव में नदी पार करने के दौरान एक हादसा हो गया। इस घटना में एक ही परिवार की दो नाबालिग चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान जाबर गांव निवासी ऐनुल की 15 वर्षीय बेटी फरीदा और मैनुल की 16 वर्षीय बेटी सगीरा के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरी बहनें थीं। घटना मल्हारिया पंचायत की है। नदी पार करके के दौरान 4 बच्ची डूबी, 2 की मौत जानकारी के मुताबिक, 4 बच्चियां सड़क और पुल निर्माण अधूरा रहने के कारण मवेशियों के लिए चारा काटने नदी पार करके जा रही थी। इसी दरमियान तेज़ बहाव में चारों बच्ची डूब गई, जिसमें दो बच गई और बाकी दो की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने से दोनों बच्चियों के शव को निकाला और कंधे में लादकर गांव लाया। इस दौरान गांव के सैंकड़ों लोग नदी किनारे और धार में पहुंचे। सड़क की बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही बनी हादसे की वजह स्थानीय मल्हारिया पंचायत के सरपंच मोहम्मद निजाम ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि यह हादसा पूरी तरह से सड़क निर्माण अधूरा रहने और प्रशासनिक अनदेखी के कारण हुआ है। जाबर कारेलाल चौक से कखरवा काली मंदिर तक जाने वाली सड़क और पुल का कार्य अधूरा पड़ा है। सरपंच के अनुसार, इसी सड़क पर पिछले साल भी राजू राय के बच्चे की डूबने से मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और ठेकेदारों ने कोई सुधार नहीं किया। बाढ़ के समय हर साल लगभग 6 महीने तक कखरवा गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है। दैनिक जरूरतों के लिए भी जान जोखिम में डालकर नदी-पानी पार करना पड़ता है। इसी कारण आज फिर एक हादसा हुआ है। विधायक और डीएम के समक्ष रखी जाएगी समस्या ज़िला परिषद चेयरमैन वहीदा सरवर भी घटना की सूचना मिलते ही मल्हारिया पंचायत के जाबर गांव पहुंची । वहीदा सरवर ने कहा कि यह एक अत्यंत दुखद दुर्घटना है, जिसमें चार बच्चे डूब गए थे। उनमें से दो बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया, किंतु दुर्भाग्यवश दो बच्चों की मृत्यु हो गई। कारेलाल चौक से कखरवा की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य अभी तक अधूरा है। इस मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा हेतु डायवर्जन अथवा अन्य आवश्यक उपाय किए जाने चाहिए। इस गंभीर विषय पर विधायक से चर्चा करूंगी ताकि वे इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठा सकें। साथ ही, ज़िला अधिकारी के समक्ष भी इस समस्या को रखा जाएगा, क्योंकि इस मार्ग पर अक्सर ऐसी दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। इस मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे और पीड़ित परिवारों को उचित सरकारी मुआवजा दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे।
Source link
नदी पार करने में 4 बच्ची डूबी, 2 की मौत:पूर्णिया में मवेशियों के लिए चारा काटने जा रही थीं, तेज बहाव की वजह से हुई घटना
