![]()
नवादा के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर में गुड्डू बरनवाल की दुकान और आवास में भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा सारा सामान, घर का बिस्तर, फ्रिज, टीवी और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं। परिवार का अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी, हालांकि सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। दुकान से पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे गुड्डू बरनवाल अपनी दुकान से पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। आग लगने से उनकी रोजी-रोटी छिन गई है। परिवार के सदस्य सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गुड्डू ने बताया कि सब कुछ जल गया और उन्हें घटना के बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी सुबोध लाल और स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया। अग्निशमन दल तुरंत मौके पर पहुंचा और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक काफी नुकसान हो चुका था। अग्निशमन विभाग ने बेहतर काम किया सुबोध लाल ने बताया कि अग्निशमन विभाग ने बेहतर कार्य किया और आग को आसपास की घनी आबादी वाले क्षेत्रों में फैलने से रोका। उन्होंने यह भी कहा कि समय पर टीम नहीं पहुंचती तो बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने मोहल्लों में अग्निशमन वाहनों के पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों का भी जिक्र किया।
Source link
नवादा में दुकान और घर में आग:शॉर्ट सर्किट से लाखों का सामान जला, 2 घंटे में काबू
