Headlines

नामांकन सभा में उमड़ी हजारों की भीड़, पर्स-रुपए गायब:जन सुराज की सभा में थी भोज की व्यवस्था, जेबकतरों ने किया हाथ साफ




तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. विमोहन कुमार के नामांकन के बाद आयोजित सभा में हजारों की भीड़ जुटी। कंपनीबाग स्थित मुजफ्फरपुर क्लब में आयोजित सभा में समर्थकों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने कई लोगों की जेब पर हाथ साफ कर दिया। करीब आधा दर्जन लोगों के पर्स और रुपए गायब होने की बात सामने आई है। औराई से नामांकन सभा में पहुंचे दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि भीड़ के बीच किसी ने उनकी जेब से पर्स गायब कर दिया। पर्स में करीब 20 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेज रखे थे। उन्हें घटना का पता तब चला, जब उन्होंने अपनी जेब टटोली। किसी का पर्स गायब, किसी की जेब से निकले 700 रुपए सभा में पहुंचे अन्य लोगों ने भी जेब से रुपए और सामान गायब होने की शिकायत की। मुजफ्फरपुर के रहने वाले सतीश कुमार ने बताया कि वह भोजन करने के दौरान भीड़ में थे। इसी दौरान उनकी जेब से 700 रुपए निकाल लिए गए। उन्हें इसका पता बाद में चला। बताया जा रहा है कि सभा के दौरान करीब आधा दर्जन लोगों को जेबकतरों ने निशाना बनाया। किसी का पर्स गायब हुआ तो किसी की जेब से नकदी निकाल ली गई। भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को वारदात का पता तुरंत नहीं चल सका।
भोज के दौरान भीड़ में सक्रिय रहे जेबकतरे नामांकन के बाद सभा में बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। भोजन के दौरान भी काफी भीड़ रही। इसी दौरान जेबकतरों ने भीड़ के बीच लोगों को निशाना बनाया। पीड़ितों ने अपनी जेब और पर्स गायब होने की जानकारी आसपास के लोगों को दी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *