नारनौल में 2 एकड़ में विकसित अवैध कॉलोनी धवस्त:खालड़ा वाले बालाजी मंदिर के पास DTP की कार्रवाई, टीम ने सड़कें उखाड़ीं




हरियाणा के नारनौल में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने मंगलवार को अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब दो एकड़ में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में बनाई गई सड़कें उखाड़ दी गईं, जबकि छह डीपीसी (डैंप-प्रूफ कोर्स) और तीन चारदीवारियों को भी तोड़ दिया गया। जिला नगर योजनाकार दिनेश सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई खालडा बालाजी मंदिर के पास, राजस्व संपदा मौजा नारनौल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में की गई। जिला प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कॉलोनी विकसित करने के लिए तैयार किए गए पूरे सड़क नेटवर्क को भी उखाड़ दिया गया। बिना अनुमति निर्माण पर होगी कार्रवाई डीटीपी दिनेश सिंह ने कहा कि नियंत्रित क्षेत्र और शहरी क्षेत्र में विभागीय अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण करना नियमों के विरुद्ध है। कृषि भूमि को रिहायशी या व्यावसायिक उपयोग में बदलने से पहले नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा से नियमानुसार लाइसेंस और अनुमति लेना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विभाग भविष्य में भी सख्त कार्रवाई करेगा। प्लॉट खरीदने से पहले करें जांच उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। किसी भी कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता की जांच जिला नगर योजनाकार कार्यालय, नारनौल से अवश्य कर लें। इससे भविष्य में होने वाले आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों से बचा जा सकता है। आगे भी जारी रहेगा अभियान डीटीपी दिनेश सिंह ने बताया कि जिले के अन्य क्षेत्रों में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों पर भी विभाग की नजर है। ऐसे मामलों में आगे भी अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *