Headlines

नाव पलटने की झूठी सूचना देने वाला युवक गिरफ्तार:चाचाकोटा में दो बच्चों की मौत की फर्जी सूचना से पुलिस दौड़ी




रविवार की छुट्टी होने से बांसवाड़ा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चाचाकोटा पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे थे। इसी बीच 112 कंट्रोल रूम पर एक युवक ने फोन कर सूचना दी कि चाचाकोटा में नाव पलट गई है और हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में यह सूचना पूरी तरह झूठी निकली। पुलिस ने फर्जी सूचना देने वाले युवक को मौके से ही पकड़ लिया। नाव पलटने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा 112 कंट्रोल रूम पर सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नरपत सिंह के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और सिविल डिफेंस की टीम तुरंत चाचाकोटा के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की जांच की गई, लेकिन कहीं भी नाव पलटने या किसी हादसे के सबूत नहीं मिले। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। पर्यटकों की भीड़ से सरकारी गाड़ियां भी जाम में फंसी रविवार की छुट्टी होने के कारण चाचाकोटा में पहले से ही बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी बीच सायरन बजाती पुलिस और प्रशासन की गाड़ियां पहुंचीं तो वहां जाम लग गया। जांच पूरी होने और सूचना झूठी मिलने के बाद राहत एवं बचाव दल वापस लौट गया। शराब के नशे में दी झूठी सूचना ASP नरपत सिंह ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को झूठी सूचना देने के बाद अपना मोबाइल बंद कर दिया था। इसके बाद वह मौके पर ही पर्यटकों के बीच घूमता रहा। जब पुलिस राहत कार्य के लिए पहुंची, तब भी वह पुलिसकर्मियों के आसपास ही मौजूद था। कॉल डिटेल और फोटो से हुई पहचान भूंगड़ा थानाधिकारी कैलाश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए कॉल डिटेल निकाली और संदिग्ध की फोटो के आधार पर उसकी पहचान की। इसके बाद पुलिस ने मौके से ही उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान चाचाकोटा निवासी कन्हैयालाल (20) चरपोटा के रूप में हुई। उसने बताया कि उसने शराब के नशे में पुलिस को झूठी सूचना दी थी। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *