![]()
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर नागौर शहर में प्रशासन और पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से पुलिस जवानों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण और भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की। नागौर CO जतिन जैन, SDM गोविंद सिंह भींचर और तहसीलदार नरसिंह टाक के निर्देश पर कोतवाल नंदलाल रिणवा के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने फ्लैग मार्च किया। गाड़ियों के काफिले के साथ मार्च जिला कलेक्टर कार्यालय से शुरू हुआ। पुलिस का काफिला पुराना हॉस्पिटल, नया दरवाजा और बड़ली होते हुए वल्लभ चौराहा पहुंचा। इसके बाद पुलिस अधिकारी और जवान पैदल मार्च करते हुए गांधी चौक, किले की ढाल से होते हुए वापस जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। शांतिपूर्ण मतदान का दिया संदेश फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन को भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहेगी। लोगों से बिना किसी डर या दबाव के मतदान करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। CO जतिन जैन ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने या किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न करवाना है।
Source link
निकाय चुनाव से पहले नागौर में फ्लैग मार्च:प्रशासन-पुलिस ने दिया भयमुक्त मतदान का संदेश, असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
