Headlines

नूंह में करंट लगने से किशोर की मौत:ट्यूबवेल चलाते समय चपेट में आया; सब्जी की फसल में पानी लगाने गया था




नूंह जिले के तिगांव गांव में रविवार को खेत पर ट्यूबवेल चलाने गए एक 16 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिगांव निवासी अयान (16) रविवार दोपहर लगभग 2 बजे अपने खेत में लगी सब्जी की फसल की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल चलाने गया था। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। जब अयान काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्य और ग्रामीण खेत पर पहुंचे, जहां अयान अचेत अवस्था में मिला। ट्यूबवेल चालू करते वक्त लगा करंट ग्रामीणों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया और करंट से अलग कर उपचार के लिए ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस चौकी चांदड़ाका की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भिजवाया। फसल में पानी लगाने के लिए गया था मृतक के दादा जमालुद्दीन ने बताया कि उनके खेत में सब्जी की खेती की जाती है। रविवार को अयान फसल में पानी लगाने के लिए अकेले खेत गया था और ट्यूबवेल चलाते समय करंट की चपेट में आ गया। उन्होंने यह भी बताया कि अयान 7 भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था और पढ़ाई के साथ-साथ खेती के काम में भी परिवार की मदद करता था। चांदड़ाका चौकी प्रभारी राकेश ने बताया कि उन्हें घटना की शिकायत मिल गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच भी जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *