![]()
एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ने की आशंका के चलते नूंह प्रशासन ने प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश पर गुरुवार को जिलेभर में 8 संयुक्त टीमों ने एक साथ औद्योगिक इकाइयों की जांच की। इससे हडकंप का माहौल रहा। टीमों ने फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, नगीना, नूंह और तावडू क्षेत्रों में रबर प्लांट, मिक्सर प्लांट और बूचड़खानों समेत प्रदूषण से जुड़ी अन्य इकाइयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था, नियमों की पालना और संबंधित इकाइयों में मौजूद संभावित कमियों की जांच की। जहां नियमों के उल्लंघन की आशंका या व्यवस्थाओं में कमी मिली, वहां संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया और जरूरी निर्देश दिए गए। लगातार मिल रही थीं शिकायतें क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी रामनिवास ने बताया कि इन औद्योगिक इकाइयों को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आने वाले दशहरा और दीपावली के दौरान एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने की आशंका के चलते आयोग के निर्देश पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यदि जांच में प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन साबित होता है, तो संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमों के हिसाब से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यानी नोटिस के बाद अब अगला कदम कार्रवाई का हो सकता है। एनफोर्समेंट टास्क फोर्स के तहत टीमें बनाईं आयोग के निर्देश पर बनी एनफोर्समेंट टास्क फोर्स के तहत अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। इस अभियान के दौरान एसडीएम और तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात किया गया था, ताकि कार्रवाई के दौरान प्रशासन की तरफ से कोई ढिलाई न हो। अधिकारियों ने संचालकों को दी चेतावनी प्रशासन ने साफ कर दिया है कि प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने औद्योगिक इकाई संचालकों को चेतावनी दी कि पर्यावरण और लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में नियमों की अनदेखी सामने आने पर संबंधित इकाइयों पर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नूंह में प्रदूषण फैलाने वाली 8 औद्योगिक यूनिट्स पर रेड:NCR में प्रदूषण बढ़ने की आशंका पर जांच; अधिकारी बोले-कमी मिली तो कार्रवाई होगी
