![]()
नोएडा में रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई छापेमारी के दौरान करीब 300 किलो पनीर मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया। इसका नमूना लेने के बाद पूरी मात्रा नष्ट करा दी गई। अभियान में पनीर, दही, खोया और बूंदी के लड्डू समेत कुल 8 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। डीएनडी के पास गाड़ी से लिया पनीर का नमूना सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता ने डीएनडी फ्लाईओवर के पास किलोखरी क्षेत्र में बुलंदशहर से दिल्ली जा रही एक गाड़ी की जांच की। गाड़ी में ले जाए जा रहे पनीर का नमूना लिया गया। यह पनीर गजेंद्र द्वारा दिल्ली सप्लाई किया जा रहा था। रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-88 नोएडा मंडी स्थित कासिम पनीर भंडार से भी पनीर का नमूना लिया। डेयरियों और मिठाई की दुकान से लिए नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने तुगलपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित आसिफ डेयरी से पनीर और दही के नमूने लिए। नॉलेज पार्क-2 स्थित इशिका डेयरी से भी पनीर का नमूना लिया गया। बताया गया कि इशिका डेयरी से आसिफ डेयरी को पनीर भेजा गया था। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह ने यथार्थ अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के पास स्थित बीकानेर स्वीट से बूंदी के लड्डू और खोया के नमूने लिए। मेवात से आया था 300 किलो पनीर, पूरी मात्रा नष्ट खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने गढ़ी चौखंडी, नोएडा स्थित शौकीन डेयरी पर छापेमारी की। यहां करीब 300 किलो पनीर मिला। अधिकारियों के अनुसार पनीर की सप्लाई मेवात, हरियाणा से की गई थी। पनीर का एक नमूना जांच के लिए लेने के बाद बची पूरी मात्रा को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। विभाग के अनुसार अभियान में कुल 8 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। अलग-अलग प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।
Source link
नोएडा में खाद्य विभाग की छापेमारी:300 किलो पनीर नष्ट, पनीर-दही-खोया समेत 8 नमूने जांच को भेजे
