![]()
बालाघाट जिले की मलाजखंड पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में बिरसा जनपद सदस्य देवेनसिंह मरकाम और उसके साथी सतीश राहंगडाले को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल कथित पत्रकार टोपराम पटले और उसका साथी बुधराम मेरावी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। घटना 21 अगस्त की रात पाथरी चौकी क्षेत्र के खमुरीटोला के पास की है। पीड़ित मस्तकीन कुरैशी जंगल झरूआटोला की कच्ची सड़क पर अपने खरीदे हुए बकरे पिकअप वाहन में लोड कर रहा था। उसी दौरान आरोपी देवेनसिंह मरकाम, सतीश राहंगडाले, टोपराम पटले और बुधराम मेरावी ‘प्रेस’ लिखी कार (CG 22 AB 2004) से मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद को धौंस दिखाते हुए मस्तकीन से 2 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। डरा-धमकाकर वसूले 50 हजार आरोपियों की धमकी से डरकर मस्तकीन ने उन्हें मौके पर ही 50 हजार रुपए दे दिए। इसके बाद भी आरोपियों का पेट नहीं भरा और उन्होंने हर महीने 20 हजार रुपए देने का दबाव बनाया। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर महीना नहीं बांधा तो गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसके बाद पीड़ित मस्तकीन कुरैशी ने हिम्मत जुटाकर मलाजखंड थाने में पूरी आपबीती बताई और शिकायत दर्ज कराई। कार और नकदी जब्त, फरार आरोपियों की तलाश तेज शिकायत मिलते ही पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र जौनवार ने बताया कि देवेनसिंह मरकाम और सतीश राहंगडाले को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को आरोपी देवेनसिंह से वारदात में इस्तेमाल कार और 10 हजार रुपए, जबकि सतीश से 9 हजार रुपए मिले है। फरार पत्रकार टोपराम पटले और बुधराम मेरावी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
बालाघाट में भाजपा जनपद सदस्य और उसका साथी गिरफ्तार:2 लाख की रंगदारी मांगी, 50 हजार वसूले थे, दो लोग अब भी फरार
