Headlines

न्यू मार्केट में सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई:15,700 रुपए का जुर्माना वसूला, दुकानों से प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई




कटिहार नगर निगम ने सोमवार को न्यू मार्केट में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई की। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत शहर को प्लास्टिक और कचरा मुक्त बनाने के मकसद से यह रेड डाली गई। निगम की टीम ने न्यू मार्केट की कई दुकानों की जांच की। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के थैले, डिस्पोजल और दूसरी बैन प्लास्टिक चीजें जब्त की गईं। नियम तोड़ने वाले दुकानदारों से ₹15,700 का जुर्माना भी वसूला गया। इस कार्रवाई के दौरान न्यू मार्केट इलाके से सड़क पर हुए अस्थायी कब्जों को भी हटाया गया। सार्वजनिक जगहों से भी अतिक्रमण हटाए गए और कब्जा करने वालों से नियम के मुताबिक जुर्माना लिया गया। नगर निगम प्रशासन ने दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की है। उनसे कहा गया है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें और शहर को साफ व प्लास्टिक मुक्त बनाने में निगम का साथ दें। इस कार्रवाई के समय नगर आयुक्त संतोष कुमार, स्वच्छता अधिकारी नूर अली खान, जूनियर इंजीनियर अजय कुमार सिंह, असिस्टेंट इंजीनियर अभय कुमार और नगर प्रबंधक ज्योति कृष्णमूर्ति मौजूद थे। उनके साथ दूसरे अधिकारी और कर्मचारी भी थे। नगर निगम ने साफ किया कि शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने और सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी चलती रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *