![]()
बरनाला पुलिस ने पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए तीनों आरोपी पंजाब के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। वारदात वाली रात वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे थे। हालांकि, अभी तक जिला पुलिस के किसी भी बड़े अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर इन गिरफ्तारियों की पुष्टि नहीं की है। उच्च अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले का खुलासा आज दोपहर एक बजे जिला पुलिस मुखी (एसएसपी) बरनाला के प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा। इस दौरान पटियाला रेंज के डीआईजी कुलदीप सिंह चहल खास तौर पर मौजूद रहेंगे। वे मीडिया के सामने आरोपियों को पेश कर इस वारदात के पीछे की साजिश का खुलासा करेंगे। सिंगर गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे
घटना 12-13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। गांव फरवाही में सिद्धू के पैतृक घर पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घर के बाहर पहुंचते ही युवकों ने बाइक रोकी। इसके बाद बीच में बैठे युवक ने पिस्टल लोड कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसके पीछे बैठे युवक ने भी फायरिंग की। जबकि बाइक चला रहे तीसरे युवक ने वीडियो बनाई। इसमें बाइक पर 3 युवक घर के पास आते दिखाई दे रहे हैं। वारदात के समय सिंगर गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। जनवरी में हमले की कोशिश हुई थी
10 जनवरी 2026 को बरनाला पुलिस ने सिंगर गुलाब सिद्धू पर हमले की कोशिश के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसमें मुख्य साजिशकर्ता कोटदूना गांव का सरपंच बलजिंदर सिंह (किंदा) था। आरोपी गुलाब सिद्धू के गाने ‘सरपंचियां’ के बोलों से नाराज था। उसने सिंगर को सोशल मीडिया पर धमकी भी दी थी। आरोपी एक लाइव शो के दौरान घात लगाकर हमला करने की फिराक में थे। उनका मकसद पंजाब में खौफ पैदा कर बाद में फिरौती वसूलना था। गुलाब सिद्धू को दो सुरक्षाकर्मी मिले
सिंगर गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के बेहद करीबी दोस्तों में से एक हैं। मई 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से ही पंजाब के कई सिंगरों की सुरक्षा की समीक्षा की गई थी। गुलाब सिद्धू को पिछले काफी समय से लगातार फिरौती के फोन आ रहे थे और जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इन लगातार मिल रही धमकियों और इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने उन्हें दो सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए गए हैं, जो उनकी सुरक्षा में तैनात रहते हैं।
Source link
पंजाबी सिंगर के घर फायरिंग करने वाले 3 शूटर गिरफ्तार:मोटरसाइकिल पर आए थे, 2 ने चलाईं थी गोलियां; तीसरे ने VIDEO बनाई
