![]()
पंजाब और चंडीगढ़ में दिन के समय तेज धूप निकलने से मौसम ड्राई बना हुआ है। इससे दिन में गर्मी महसूस होने लगी है। हालांकि, हवाएं चलने से गर्मी का असर कुछ कम महसूस होगा। नमी कम होने से उमस से भी राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, 2 अक्टूबर को पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है और अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक 37 डिग्री तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया। 48 घंटे मानसून की विदाई के लिए अहम मानसून सीजन 30 सितंबर को समाप्त हो चुका है, लेकिन पंजाब से मानसून की आधिकारिक विदाई अभी पूरी नहीं हुई है। मानसून की वापसी की प्रक्रिया जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, वापसी रेखा फिलहाल गुरदासपुर और चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है। अगले 48 घंटों में पंजाब के बाकी हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल होने की संभावना है। उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का असर भी बना हुआ है। हालांकि, पंजाब और चंडीगढ़ में इससे बारिश की संभावना नहीं है। IMD के 2 अक्टूबर के अपडेट में पंजाब और चंडीगढ़ के लिए 8 अक्टूबर तक कोई मौसम चेतावनी नहीं है। अब 3 पाइंट में जानिए आठ अक्टूबर तक का मौसम मौसम शुष्क रहेगा: पंजाब में अगले सप्ताह बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन में गर्मी बरकरार: उत्तरी और पूर्वी पंजाब में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री, जबकि बाकी हिस्सों में 34 से 36 डिग्री के बीच रह सकता है। दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है। सुबह-रात बढ़ेगी ठंडक: उत्तरी और पूर्वी पंजाब में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री, जबकि बाकी हिस्सों में 18 से 20 डिग्री के बीच रह सकता है। रात का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।
Source link
पंजाब-चंडीगढ़ में बदला मौसम, दिन गर्म और रातें ठंडी:बारिश के आसार नहीं, 48 घंटे में मानसून की वापसी अनुकूल, बिजली की डिमांड फिर बढ़ी
