Headlines

पंजाब में एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से शुरू:सीएम मान ने अधिकारियों से की मीटिंग, शानदार प्रबंधों के लिए दिए निर्देश




मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाली एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय, अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं, शहरों के सौंदर्यीकरण और मेहमाननवाजी पर विशेष ध्यान देते हुए विश्वस्तरीय प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जोर दिया कि पंजाब को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी में नए कीर्तिमान स्थापित करने चाहिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 27 अक्टूबर को जालंधर में होगा, जबकि मुकाबले 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक खेले जाएंगे। भारत, चीन, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश जैसे प्रमुख हॉकी देशों की भागीदारी से पंजाब वैश्विक खेल पटल के केंद्र में आ जाएगा। शहरों का सौंदर्यीकरण और बेहतर लॉजिस्टिक्स मुख्यमंत्री ने नगर निगम जालंधर और मोहाली को व्यापक सफाई अभियान चलाने और सार्वजनिक स्थानों का उचित रखरखाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम और महत्वपूर्ण स्थानों की ओर जाने वाली सड़कों की मरम्मत की जाए ताकि विदेशी मेहमानों को शहर आकर्षक लगें। इसके अलावा, खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवास, सुरक्षा, परिवहन और भोजन के पुख्ता इंतजाम करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी टूर्नामेंट को लेकर युवाओं में उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है, जिससे नई पीढ़ी विश्वस्तरीय खिलाड़ियों से प्रेरणा ले सके। इसके साथ ही, पूरे राज्य में जागरूकता फैलाने के लिए एक राज्यस्तरीय ट्रॉफी टूर का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत ट्रॉफी को विशेष रूप से तैयार एसयूवी में पूरे पंजाब में घुमाया जाएगा। बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक विशेष समन्वय कमेटी का गठन किया जाएगा, ताकि चैंपियनशिप का आयोजन उच्चतम मानकों के अनुरूप सफल हो सके। बैठक में मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग वर्मा और खेल सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *