पंजाब में छह दिन मौसम रहेगा ड्राई:मानसून की विदाई शुरू, तीन दिन में पूरे राज्य से लौटने के आसार; तापमान सामान्य के करीब




पंजाब से अब मानसून की वापसी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की वापसी की रेखा पटियाला और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है। अगले 2 से 3 दिन में पंजाब और चंडीगढ़ से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। आज( 22 सितंबर) को पूरे पंजाब में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। राज्य में अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है और अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। पटियाला में सबसे अधिक 35.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार पंजाब में मानसून 1 जुलाई को पहुंचा था और करीब 82 दिन रहने के बाद अब इसकी वापसी शुरू हुई है। इस मानसून सीजन में पंजाब में सामान्य से 36% कम बारिश हुई। 1 जून से अब तक 267.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 419.2 मिमी होती है। विभाग के अनुसार इस बार राज्य में 12 साल में सबसे कम बारिश दर्ज हुई है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं से मौसम बदला मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिससे नमी कम हो रही है। वहीं, बंगाल की खाड़ी के पास बन रहा डीप डिप्रेशन आगे बढ़ रहा है, जिससे मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। पंजाब में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। IMD के 22 सितंबर के पूर्वानुमान में भी पंजाब के लिए 22 से 28 सितंबर तक कोई चेतावनी नहीं है। बिजली की मांग 12,334 मेगावाट पंजाब में तापमान अधिक होने से बिजली की मांग 12,334 मेगावाट रही। राज्य ने 5,229 मेगावाट बिजली पैदा की, जबकि ग्रिड से 7,106 मेगावाट बिजली ली गई। तय शेड्यूल 6,672 मेगावाट था, यानी शेड्यूल से 434 मेगावाट ज्यादा बिजली लेनी पड़ी। बिजली की फ्रीक्वेंसी 49.99 हर्ट्ज रही। बांधों में पानी की स्थिति भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,643.44 फीट रहा। इसमें 13,891 क्यूसेक पानी आया और 27,617 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसका डेंजर लेवल 1,680 फीट है। यानी जलस्तर डेंजर लेवल से 36.56 फीट नीचे है। पोंग बांध का जलस्तर 1,370.96 फीट रहा। इसमें 10,794 क्यूसेक पानी आया और 17,365 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसका डेंजर लेवल 1,390 फीट है। यानी जलस्तर डेंजर लेवल से 19.04 फीट नीचे है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *