![]()
पठानकोट के अधीन आते गांव पंगोली में पुरानी रंजिश के चलते गुंडागर्दी और खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। गांव की वाटर सप्लाई टंकी के पास एक युवक पर तेजधार हथियारों और हॉकी से लैस होकर हमला कर दिया गया। जब पीड़ित के भाई और एक अन्य युवक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनकी भी जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, दिन में हुई इस वारदात के बाद आरोपियों ने उसी रात पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया। घर का गेट तोड़कर अंदर घुसे हमलावरों ने परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं, जातिसूचक शब्द कहे और बरामदे में खड़ी स्कूटी में तोड़फोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान अंकुश उर्फ अभी, ध्रुव, वरुण और मानिक के तौर पर हुई है। पुलिस ने 2 से 3 अन्य अज्ञात युवकों पर भी मामला दर्ज किया है। शाम को कंटीली तार ठीक करने गया था युवक, घेरकर किया हमला शिकायतकर्ता महिला इकबाल देवी के अनुसार बीती शाम करीब 6:30 बजे उनका बेटा मनीष कुमार गांव की वाटर सप्लाई टंकी के पास लगी कंटीली तार को ठीक करने गया हुआ था। कुछ देर बाद गांव के ही नरिंदर सिंह ने आकर परिजनों को सूचना दी कि टंकी के पास मनीष के साथ कुछ लोग हाथापाई और मारपीट कर रहे हैं। जब परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि आरोपी दातर और हॉकी से लैस होकर मनीष और उसके भाई सुरेश कुमार पर हमला कर रहे थे। जब ग्रामीणों और परिजनों ने शोर मचाया, तो सभी आरोपी अपने हथियारों समेत मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायलों (मनीष कुमार, सुरेश कुमार और नरिंदर सिंह) को तुरंत इलाज के लिए CHC घरोटा में भर्ती करवाया गया। रात को घर पर बोला धावा, स्कूटी तोड़ी और दी धमकियां इकबाल देवी ने पुलिस को बताया कि दिन में हुई इस घटना के बाद मामला यहीं नहीं शांत हुआ। रात करीब 8:15 बजे, जब परिवार घर पर था, तो आरोपियों ने रंजिश के तहत उनके घर के मुख्य दरवाजे पर लातें मारनी शुरू कर दीं और गंदी-गंदी गालियां बकने लगे। शोर सुनकर जब परिवार बाहर आया, तो आरोपी मुंह पर रुमाल बांधकर घर का गेट तोड़ते हुए जबरन अंदर घुस आए। उन्होंने घर में मौजूद लोगों को जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकियां दीं। इस दौरान हमलावरों ने बरामदे में खड़ी एक्टिवा स्कूटी PB-35-V-5468 को भी तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया। पुलिस की कार्रवाई: केस दर्ज, जांच जारी मामले की गंभीरता को देखते हुए घरोटा पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर सिंह ने घायलों के मेडिकल और शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर नामजद आरोपियों तथा उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
पठानकोट के गांव पंगोली में गुंडागर्दी:वाटर सप्लाई टंकी के पास युवक पर तेजधार हथियारों से हमला, रात को घर में घुसकर की तोड़फोड़
