![]()
पठानकोट के धारकलां में एडीसी (डी) कार्यालय में हुई ट्रेनिंग के दौरान प्रशिक्षण देने वाले अधिकारियों पर सरपंचों से दुर्व्यवहार के आरोप पर हंगामा हो गया। ये आरोप धारकलां सरपंच युनियन के अध्यक्ष ठाकुर दीपक सिंह विक्की ने लगाए हैं। अध्यक्ष ने बताया कि जो ट्रेनिंग थी उसकी अध्यक्षता एडीसी (डी) अर्शदीप सिंह ने की। बैठक में अलग-अलग विभागों के अधिकारी और धारकलां ब्लॉक के सरपंच मौजूद थे। जिसमें सरपंचों को मनरेगा संबंधी जानकारी और ट्रेनिंग दी गई। इसके अलावा, स्ट्रीट लाइट्स के बारे बताया गया कि किस तरह सरकारी फंड का प्रयोग किया जाना है और पंचायत का क्या दायित्व होगा। धारकलां सरपंच यूनियन ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों ने सरपंचों से ठीक से बात नहीं की, उनसे दुर्व्वहार किया गया। अध्यक्ष का आरोप है कि अधिकारियों ने उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से नहीं सुना। जनप्रतिनिधियों के साथ गलत व्यवहार मंजूर नहीं धार खुर्द ग्राम पंचायत के सरपंच और धारकलां सरपंच यूनियन के अध्यक्ष ठाकुर दीपक सिंह विक्की ने कहा कि सरपंच एक चुना हुआ जनप्रतिनिधि होता है। वह अपने गांव की जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाता है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे उनकी बात सम्मान से और गंभीरता से सुनें, ताकि गांवों की समस्याओं का सही हल निकल सके। उन्होंने साफ कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ किसी भी तरह का गलत व्यवहार मंजूर नहीं है। अगर भविष्य में ऐसा दोबारा हुआ तो उन अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। डीसी पठानकोट को दी जाएगी शिकायत ठाकुर दीपक सिंह विक्की ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर जल्द ही पठानकोट के डिप्टी कमिश्नर को एक शिकायत पत्र सौंपा जाएगा। इसमें उन अधिकारियों के नाम भी बताए जाएंगे, जिन्होंने बैठक के दौरान सरपंचों से कथित तौर पर गलत व्यवहार किया। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर हो तालमेल उन्होंने यह भी साफ किया कि सरपंच यूनियन का मकसद किसी अधिकारी का विरोध करना नहीं है। इसका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल, बातचीत और सम्मान के रिश्ते बनाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेगा और भविष्य में सभी सरपंचों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करेगा।
Source link
पठानकोट में ट्रेनर अफसरों पर बिफरे सरपंच:प्रशिक्षण बैठक में दुर्व्यवहार का आरोप; सम्मान नहीं मिलने पर DC को देंगे शिकायत
