![]()
पंजाब सरकार ने पठानकोट शहर के चार मरला क्वार्टर मोहल्ले में एक नया आम आदमी क्लिनिक शुरू किया है। लगभग 25 लाख रुपये की लागत से तैयार इस क्लिनिक का उद्घाटन शनिवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क ने किया। इस अवसर पर हलका प्रभारी रोहित सियाल, सिविल सर्जन, एसएमओ डॉ. सुनील सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क ने कहा कि किसी भी समाज के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने इन दोनों क्षेत्रों में बड़े स्तर पर निवेश किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब जनता को मिल रहे हैं। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात मंत्री ने जानकारी दी कि करीब 25 लाख रुपये की लागत से तैयार इस क्लिनिक में योग्य डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को तैनात किया गया है। यहां मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। क्लिनिक में 47 प्रकार के मेडिकल टेस्ट और लगभग 250 से 300 प्रकार की आवश्यक दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। पठानकोट के 20 विद्यार्थी नीट परीक्षा में पास शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि हाल ही में आयोजित नीट (NEET) परीक्षा में पंजाब के सरकारी स्कूलों के 881 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें पठानकोट जिले के 20 विद्यार्थी शामिल हैं। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल तारागढ़ की एक ही कक्षा के पांच विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है, जो प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में आए सकारात्मक बदलाव का प्रमाण है। कैबिनेट मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आम आदमी क्लिनिक स्थापित करने का कार्य तेजी से जारी है। इसके अतिरिक्त, पठानकोट सिविल अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य भी जल्द पूरे किए जाएंगे और अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं के साथ जनता को समर्पित किया जाएगा।
Source link
पठानकोट में नया आम आदमी क्लिनिक शुरू:25 लाख रुपए की लागत से निर्माण; कैबिनेट मंत्री कटारूचक्क ने किया उद्घाटन
