![]()
पठानकोट की शाहपुरकंडी पुलिस ने सिऊंटी गांव स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में हुई लाखों रुपये की बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात का मुख्य मास्टरमाइंड पीड़ित कारोबारी की दुकान का पूर्व कर्मचारी ही निकला, जिसने नशे की लत को पूरा करने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की पूरी पटकथा रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किया गया थ्री-व्हीलर ऑटो बरामद कर लिया है। मामले में शामिल 3 अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। नशे की लत बनी अपराध की वजह; 10 में से 7 आरोपी गिरफ्तार डीएसपी धारकलां राजेश कक्कड़ ने बताया कि यह गिरोह नशीले पदार्थों की पूर्ति और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देता था। आरोपियों ने 10 दिन पहले इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम से 85 के करीब एसी, 42 के आसपास गीजर, फ्रिज, कूलर सहित लाखों का सामान पार कर दिया था। आरोपियों ने ये सारा चोरी का सामान अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा था। जिनमें से काफी सामान बरामद किया है। पूर्व कर्मचारी निकला सूत्रधार, ऐसे खुली पोल 11 सितंबर को केएलएम स्कूल के पास स्थित गोदाम के मालिक राजेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आया कि पूर्व कर्मचारी अभिषेक उर्फ गबरू, जो गोदाम के हर रास्ते और कीमती सामान से अच्छी तरह वाकिफ था, वही इस पूरी चोरी का सूत्रधार था। एक आरोपी के गिरफ्तार होते ही उगले नाम पुलिस ने सबसे पहले आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर उसका 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने 4 अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया। इसके बाद दूसरे साथी की गिरफ्तारी के बाद एक-एक कर सारे आरोपियों के नाम सामने आए और पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ऑटो चालक सहित पठानकोट के 7 शातिर दबोचे डीएसपी धारकलां राजेश कक्कड़ ने बताया कि पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड अभिषेक उर्फ गबरू को गिरफ्तार किया था। जिस पर एनडीपीएस एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं। इसके बाद जिस ऑटो में चोरी का सामान लोड किया गया उसके चालक संदीप सिंह उर्फ माऊ, फकीर चंद उर्फ फकीरा, अमित उर्फ मीता, अभिनव उर्फ अभी, राबल शर्मा और दीपक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। लाखों का सामान व ऑटो बरामद, 3 की तलाश जारी पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर त्वरित छापेमारी कर गोदाम से चोरी हुए कुल 85 में से एसी के 25 इनलेट व आउटलेट सेट कुल 29 में से 10 वाशिंग मशीन, 16 में से 10 फ्रिज, 14 में से 4 कूलर और 42 में से 1 गीजर रिकवर कर लिया है। वहीं, चोरी के माल की ढुलाई के लिए प्रयुक्त थ्री-व्हीलर भी पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी पुलिस रिमांड पर, जल्द होगी शत-प्रतिशत बरामदगी पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार सातों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान गिरोह के बाकी 3 फरार साथियों के ठिकानों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजकर शेष चोरी हुआ सामान भी बरामद कर लिया जाएगा।
Source link
पठानकोट में मास्टरमाइंड निकला दुकान का पूर्व कर्मचारी:नशे की पूर्ति के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम से लाखों की चोरी, ऑटो चालक समेत 7 को किया गिरफ्तार
