![]()
पठानकोट के लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी (ढाकी) निवासी और शिवसेना हिंद कोर कमेटी के चेयरमैन रवि शर्मा के 35 वर्षीय भाई जतिंदर शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। घर में अकेले मौजूद जतिंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे, जिनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों ने ड्राइवर हत्या का शक जताया है। पुलिस की ढुलमुल कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना के दिन पुलिस का फोन नहीं उठा। साथ ही संदिग्ध को पुलिस द्वारा छोड़े जाने पर नाराजगी जताई है। चेतावनी दी कि अगर मामले में लापरवाही बरती गई तो शिव सैनिक सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
घर में अकेले थे जतिंदर, शरीर पर मिले चोट के निशान भाई रवि शर्मा के अनुसार, शनिवार को वे किसी काम से गांव बुंगल गए हुए थे। जबकि जतिंदर शर्मा की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। जतिंदर घर में अकेले थे। शाम करीब 3:55 बजे उनकी छोटी भाभी (मृतक की पत्नी) सोनाली शर्मा का उनको (रवि शर्मा को) फोन आया। उन्होंने जानकारी दी कि जतिंदर बेडरूम में लहूलुहान/घायल पड़े हैं। परिजन उन्हें तुरंत सरना के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक जतिंदर की मौत अस्पताल पहुंचने से लगभग एक घंटे पहले ही हो चुकी थी। जतिंदर के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिवार को उनकी हत्या का पूरा संदेह है। रविवार को सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। संदिग्ध को छोड़ने पर पुलिस पर भड़के परिजन रवि शर्मा ने बताया कि उनका भाई रिकवरी का काम करता था और उन्हें पूरा शक है कि उनके ही ड्राइवर ने इस वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों ने दोपहर करीब 2:30 बजे ‘कर्ण’ नामक एक संदिग्ध व्यक्ति को सबूतों के साथ पुलिस के हवाले किया था। हालांकि, रात करीब 7:45 बजे उन्हें पता चला कि पुलिस ने उसे छोड़ दिया है। जब रवि शर्मा ने इस संबंध में थाना प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद जब जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह से बात की गई, तो उन्होंने कथित तौर पर ड्यूटी का हवाला देते हुए मामले की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। बाद में पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत के बाद थाना प्रभारी विजय कुमार का फोन आया और उन्होंने संदिग्ध को दोबारा हिरासत में लेने की बात कही। एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी पुलिस की इस कार्यप्रणाली से असंतुष्ट रवि शर्मा ने एसएसपी पठानकोट से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उन पर भी कड़ा एक्शन लिया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिला, तो वे शिवसैनिकों और परिजनों के साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन की होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई: पुलिस मामले को लेकर थाना डिवीजन नंबर-2 के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस के मुताबिक, तीन डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पठानकोट-शिवसेना नेता के भाई की संदिग्ध हालात में मौत:घर के बेडरूम में मिले थे घायल, भाई ने लगाया हत्या का आरोप
