Headlines

पति के प्रेम संबंध से परेशान विवाहिता ने की आत्महत्या:शादी के तीन साल बाद पति से फोन पर बात कर उठाया कदम




पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के सरजामातू गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान आरती देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, आरती की शादी लगभग तीन वर्ष पहले चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के कुटी गांव निवासी अखिलेश पासवान से हुई थी। अखिलेश का शादी से पहले ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था, जो विवाह के बाद भी जारी रहा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था। विवादों के कारण आरती जनवरी महीने में ससुराल छोड़कर अपने मायके सरजामातू आकर रहने लगी थी। इस दौरान उसका पति मजदूरी के लिए बाहर चला गया था और दोनों के बीच बातचीत भी बंद हो गई थी। परिजनों ने बताया कि गुरुवार को लंबे समय बाद आरती और उसके पति के बीच फोन पर बातचीत हुई। इस बातचीत के बाद आरती काफी परेशान और तनाव में दिख रही थी। अगले दिन उसने घर के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के चाचा ने आरोप लगाया है कि पति के अवैध संबंधों और ससुराल पक्ष के व्यवहार से परेशान होकर आरती ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस परिजनों का बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *