हिमाचल में लॉटरी पर घमासान:अनुराग ठाकुर ने CM को लिखा पत्र; जुआ शुरू न करने की मांग, मंत्री पुत्र भारती भी ऐतराज जता चुके




पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर राज्य में सरकारी लॉटरी दोबारा शुरू करने के लिए वित्त विभाग की ओर से जारी टेंडर को तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन लॉटरी सिस्टम के लिए सोल सेलिंग एजेंट नियुक्त करने संबंधी ई-टेंडर हवाला देते हुए सरकार से इस प्रस्ताव को पूरी तरह वापस लेने का आग्रह किया है। अनुराग ठाकुर ने पत्र में लिखा कि हिमाचल में दो दशक से अधिक समय से लॉटरी पर प्रतिबंध रहा है। तत्कालीन प्रेम कुमार धूमल सरकार ने 1999 में लॉटरी पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने भी 2007 में लॉटरी दोबारा शुरू होने पर इस पर फिर प्रतिबंध लगा दिया था। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह, प्रेम कुमार धूमल और जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकारों ने वित्तीय दबाव के बावजूद लॉटरी पर प्रतिबंध बनाए रखा। ऑनलाइन लॉटरी को लेकर जताई चिंता अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में लॉटरी शुरू होने से पहले ही इसके सामाजिक प्रभावों को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पहले भी कई परिवारों ने लॉटरी के कारण अपनी तनख्वाह, बचत और पेंशन गंवाई है, जिससे वे आर्थिक संकट में फंसे। उन्होंने प्रस्तावित ऑनलाइन लॉटरी व्यवस्था पर विशेष चिंता जताई। उनके मुताबिक इसमें रोजाना 12 ड्रॉ और साल में तीन बंपर ड्रॉ का प्रावधान है। इससे लॉटरी मोबाइल फोन और घरों तक पहुंच जाएगी। उन्होंने आशंका जताई कि इसका असर निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों पर ज्यादा पड़ सकता है। बोले- 100 करोड़ की आय से वित्तीय संकट दूर नहीं होगा अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि 2026 में राज्य का कर्ज बढ़कर 1.10 लाख करोड़ रुपए हो गया है और कर्ज-जीएसडीपी अनुपात 42 प्रतिशत से अधिक है। ऐसे में लॉटरी से होने वाली अनुमानित करीब 100 करोड़ रुपए सालाना आय राज्य के वित्तीय संकट का सार्थक समाधान नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि केरल के अनुभव से पता चलता है कि लॉटरी की कुल बिक्री बड़ी होने के बावजूद पुरस्कार राशि, कमीशन, विज्ञापन और प्रशासनिक खर्च निकालने के बाद सरकार को मिलने वाला शुद्ध राजस्व काफी कम हो सकता है। नीरज भारती ने भी सीएम को पत्र लिखकर लॉटरी का विरोध किया अनुराग ठाकुर से पहले पूर्व सीपीएस एवं कृषि मंत्री चंद्र कुमार के बेटे नीरज भारती ने भी लॉटरी के विरोध में सीएम सुक्खू को पत्र लिखा है। उन्होंने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसके सामाजिक दुष्प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लॉटरी को शुरू न करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *