![]()
पत्नी की गुटखा खाने की आदत से परेशान पति ने उसकी हत्या कर दी। सिरोही में पूनम कंवर की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति गजेंद्र सिंह ने यह खुलासा किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी से गुटखा खाने और हर वक्त पैसों की डिमांड को लेकर झगड़ा होता रहता था। पैसे नहीं भेजने पर ससुराल वालों से झगड़ा करती थी। इससे वह तनाव में था। किसी भी तरह पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था। इसके लिए उसने हत्या की प्लानिंग की। पत्नी को उदयपुर घुमाने लेकर गया था। घर लौटते समय कार में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और घरवालों को बताया कि उसे हार्ट अटैक आ गया। घरवालों को उसकी बनाई कहानी पर यकीन तक हो गया था और अंतिम संस्कार की तैयारी में थे। लेकिन उससे पहले पुलिस को शक हो गया और हत्याकांड की पूरी साजिश सामने आ गई। सिलसिलेवार पढ़िए पत्नी की हत्या की प्लानिंग और आरोपी के पकड़े जाने की कहानी… 1 . वादा किया था-पूनम को खुश रखेगा सिरोही के जावाल निवासी गजेंद्रसिंह राजपूत कोयंबटूर (तमिलनाडु) में इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप चलाता है। उसकी शादी 5 साल पहले पाली जिले के सादड़ी के निकट सरथूर गांव की पूनम कंवर से हुई थी। दोनों के एक बेटी हुई। शादी के बाद गजेंद्र को पता चला कि उसकी पत्नी दिन-रात गुटखा खाती है, जिसके लिए उसने कई बार टोका था। मनाही के बाद भी वह गुटखा खाने की आदत को नहीं छोड़ रही थी। गजेंद्र कोयंबटूर में था, लेकिन पीछे से पूनम दिन-रात कॉल कर उससे पैसे की डिमांड करती थी। पैसे नहीं भेजने पर फोन पर उससे झगड़ा करती थी। उसने यह भी बताया कि पीहर-ससुराल में पत्नी का व्यवहार झगड़ालु था, जिसकी शिकायत लोग उससे करते थे। पूनम झगड़ा करके बेटी को लेकर पीहर सरथूर चली गई थी। जून में पूनम कंवर ने सादड़ी थाने में पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दी। इसके बाद पुलिस ने काउंसलिंग कराई। गजेंद्र ने सादड़ी पुलिस व पूनम के परिजनों को भरोसा दिलाया था कि वह पूनम को खुश रखेगा और उसका पूरा ख्याल रखेगा। 2. कोयंबटूर में कुछ नहीं किया, क्योंकि पता था-शक उस पर होगा सादड़ी थाने में आरोपी ने परिजनों से वादा किया था कि वह पत्नी व बेटी को अपने साथ कोयंबटूर ले जाएगा और वहीं रखेगा। परिजनों का भरोसा जीतने और दिखावे के लिए आरोपी ने ऐसा ही किया। पत्नी पूनम और अपनी बेटी को लेकर वह 30 जून को ही कोयंबटूर चला गया। करीब एक सप्ताह रहने के दौरान भी दोनों के बीच खटपट खत्म नहीं हुई। आरोपी ने पूनम की हत्या कर उसे हादसे का रूप देने की प्लानिंग पहले ही बना रखी थी। वह कोयंबटूर में पत्नी की हत्या नहीं करना चाहता था, क्योंकि उसे पता था कि यदि कोयंबटूर में हत्या कर हादसा बताया तो परिवार वालों को यकीन नहीं होगा और वह पकड़ा जाएगा। 3. घुमाने के बहाने उदयपुर ले गया, सेल्फी वाला स्टेट्स लगाया सिरोही एसपी पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि तय प्लान के हिसाब से आरोपी ने पत्नी पूनम कंवर को झीलों की नगरी उदयपुर घुमाने का लालच दिया। कहा- दो दिन घूमेंगे और फिर तुम लोगों (पत्नी और बच्ची) को पीहर छोड़ दूंगा। 8 जुलाई को पत्नी व बेटी को लेकर उदयपुर घुमाने के लिए पहुंचा। 9 जुलाई को उनको लेकर उदयपुर के सेलिब्रेशन मॉल में ले गया। वहां पत्नी व बेटी के साथ सेल्फी ली और अपना स्टेट्स लगाया। इसके अलावा उदयपुर में कई जगहों पर उसने पत्नी और बच्ची के साथ सेल्फी ली और स्टेटस लगाए। ताकि उसके व पूनम के घर वालों को यकीन हो जाए कि अब दोनों खुश हैं और कोई शक भी नहीं करेगा। 4. दोस्त की आईडी से राजसमंद से मंगाई कार, ड्राइवर फरार क्यों हुआ? मामले की जांच कर रहे डीएसपी मुकेश सीरवी ने बताया कि आरोपी गजेंद्र सिंह ने उदयपुर से अपने एक दोस्त को फोन कर कहा कि वह पत्नी व बेटी को गांव छोड़ने जा रहा है तो वह उसके लिए एक कार की व्यवस्था कर दे। उसने यह भी कहा कि उसका पहचान पत्र (आईडी) गुम हो गया है तो वह अपनी आईडी से कार बुक कर ले, जिसका किराया वह दे देगा। उस दोस्त ने एक ट्रेवल एजेंट के जरिए राजसमंद के लिए कार की व्यवस्था कराई। 5. मां-बेटी गहरी नींद में थी, पत्नी का गला दबा मार डाला 9 जुलाई की रात को आरोपी उदयपुर से अपने गांव जाने के लिए रवाना हुआ। वह ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा, जबकि उसकी पत्नी पूनम अपनी तीन साल की बेटी के साथ पिछली सीट पर बैठी थी। उदयपुर से गोगुंदा पार करते ही पिछली सीट पर सो रही मां-बेटी को नींद आ गई। आरोपी ने कार को गोगुंदा से पिंडवाड़ा हाईवे के बजाय सायरा-रणकपुर रुट पर मोड़ने को कहा। आरोपी को पता था कि रात के समय सायरा-रणकपुर रोड पर ज्यादा वाहनों की आवाजाही नहीं है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि एक जगह कार खड़ी कर ड्राइवर टॉयलेट करने गया था, तभी उसने पत्नी का गला दबा कर हत्या कर दी। उसी रात 2 बजे वह अपने गांव जावाल घर पहुंचा और नाटक किया कि उसकी पत्नी की बीच रास्ते हार्ट अटैक से मौत हो गई। 6. आरोपी बोला- हार्ट अटैक से मौत, गले पर खरोंच से पुलिस को शक, तब खुला मामला 10 जुलाई को परिवार के लोग जावाल पहुंचे तो उन्हें भी शक नहीं हुआ कि पूनम की मौत हादसा नहीं, बल्कि एक सोची समझी हत्या है। मृतक के भाई ने मामले में मर्ग (स्वभाविक मौत) की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पूनम की बॉडी देखी तो उसके गले पर खरोंच के निशान थे। इस दौरान पुलिस को शक हुआ कि यह मामला हत्या का है तो मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुला राज 2 दिन बाद मेडिकल बोर्ड की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कॉज ऑफ डेथ यानि मौत की वजह दम घुटना सामने आया। रिपोर्ट में बताया गया कि महिला का हार्ट एकदम स्वस्थ है। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के दायरे में लेकर आरोपी पति से पूछताछ शुरू की। सख्ती के बाद वह टूट गया। उसने हत्या की वजह, प्लानिंग और पकड़े जाने की सारी जानकारी दे दी। ड्राइवर पर भी शक, तलाश जारी पुलिस को शक है कि गला दबा कर हत्या करने की घटना की जानकारी कार ड्राइवर को थी, जो बाद में फरार हो गया। कार सिरोही पुलिस ने जब्त कर ली है। हालांकि आरोपी ने पत्नी की हत्या में ड्राइवर की भूमिका नहीं बताई है, लेकिन पुलिस को आरोपी द्वारा बताई कहानी पर भरोसा शक है। ऐसे में फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
Source link
पत्नी गुटखा खाती, बार-बार पैसे मांगती, पति ने मार डाला:उदयपुर घुमाने लेकर गया, दोस्त की आईडी से बुक की कार, लौटते समय गला दबाया
