Headlines

पर्व पर घर लौटे यात्रियों के लिए फ्री बस सेवा:रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक चलेगी, नशाखुरानी और झपटमारी से मिलेगी सुरक्षा




आगामी पर्व को देखते हुए बाहर से आने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए मोतिहारी पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने यात्रियों की सुविधा के लिए निःशुल्क रात्रि बस सेवा शुरू की है। इस सेवा को एसपी ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य है कि देर रात मोतिहारी पहुंचने वाले यात्री सुरक्षित अपने घर तक पहुंच सकें और उनकी गाढ़ी कमाई नशाखुरानी और झपटमारों के शिकार से बच सके। पुलिस द्वारा शुरू की गई यह बस सेवा रात्रि 8 बजे से सुबह 6 बजे तक चलेगी। पुलिस की बस से कर सकते हैं सुरक्षित अपने घर तक की यात्रा पहले दिन रात्रि 8 बजे ही बस मोतिहारी रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म पर लग गई, जहां से यात्री अपने गंतव्य तक जा सके। रात्रि 10 बजे नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन खुद रेलवे स्टेशन पहुंचे और दोनों बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन की सूचना देने वाले पूछताछ काउंटर पर जाकर मोतिहारी पुलिस द्वारा यात्रियों को दी जा रही बस सुविधा की जानकारी दी। स्टेशन पर समय-समय पर अनाउंसमेंट भी किया जा रहा था कि यात्री पुलिस की बस से सुरक्षित अपने घर तक की यात्रा कर सकते हैं। पुलिस की पहल काफी सराहनीय – यात्री इस दौरान नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि मोतिहारी पुलिस ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क रात्रि बस सेवा की शुरुआत की है, जिससे घर लौटने वाले यात्रियों का सफर आसान हो जाए। उन्होंने कहा कि लोग बाहर अपनी गाढ़ी कमाई लेकर घर आते हैं कि बच्चों के साथ पर्व मनाएंगे, लेकिन नशाखुरानी या झपटमारी का शिकार होने पर उनके घर में मायूसी छा जाती है। ऐसी स्थिति में पुलिस उनकी खुशियां बरकरार रखने के लिए यह सेवा दे रही है। यात्रियों ने इस पहल की सराहना की। यात्रियों ने कहा कि यह पुलिस की पहल काफी सराहनीय है, इससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। हम लोग इस पहल के लिए आभारी हैं। देर रात स्टेशन पर उतरने के बाद घर जाने के लिए ऑटो या अन्य साधन नहीं मिलते थे और असुरक्षा का डर बना रहता था, अब पुलिस की बस से सुरक्षित घर पहुंच सकेंगे। इस बस सेवा की शुरुआत मोतिहारी के तत्कालीन एसपी कांतेश मिश्रा द्वारा की गई थी, जिसे वर्तमान एसपी स्वर्ण प्रभात लगातार जारी रखे हुए हैं। पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस की यह पहल यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *