Headlines

पलवल में गोली मारकर किसान की हत्या:खेतों में खून से लथपथ पड़ा मिला शव; बेटा बोला-रात को कुछ लोग साथ थे




पलवल के अलावलपुर गांव में एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह किसान का शव खेतों में लहूलुहान हालत में मिला। मृतक की पहचान अलावलपुर निवासी लक्ष्मण के रूप में हुई है। उनकी छाती पर गोली लगने का निशान मिला है। मृतक के बेटे गजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता लक्ष्मण गुरुवार को घर से निकले थे। शाम करीब 4-5 बजे छोटे भाई की उनसे फोन पर बात हुई थी। तब लक्ष्मण ने बताया था कि वह रात में खेतों पर ही रुकेंगे क्योंकि पानी चलाना था। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद हैं। छोटे भाई को फोन पर मौत की सूचना मिली शुक्रवार सुबह लगभग 6 से 6:30 बजे के बीच, छोटे भाई को राहुल नामक युवक का फोन आया। राहुल ने बताया कि लक्ष्मण खेतों पर बने कोठरा के पास मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही गजेंद्र और परिवार के अन्य सदस्य खेतों पर पहुंचे, जहां कच्चे रास्ते में लक्ष्मण का शव मिला। उनकी छाती पर गोली लगने और खून के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही चांदहट थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया है। हमलावरों की पहचान नहीं, पुलिस जांच जारी फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों और हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही इस वारदात की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *