Headlines

पलामू में ट्रक से सीएनजी गैस लीक; मची अफरा-तफरी:पाइप फटने से पांच सिलेंडरों से गैस का रिसाव, चालक ने ट्रक को जंगल की ओर मोड़ा




मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोड़ में नेशनल हाईवे-39 पर गुरुवार को सीएनजी से भरे ट्रक से गैस लीक होने के बाद करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी मची रही। ट्रक के पाइप में खराबी आने से गैस का रिसाव शुरू हुआ। ट्रक में 60 सिलेंडर थे, जिनमें से पांच से सीएनजी लीक होकर हवा में फैल गई। कुछ समय के लिए आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हाईवे को वन वे कर वाहनों को डायवर्ट किया, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। चालक ने ट्रक को जंगल की ओर मोड़ा बताया गया कि ट्रक चतरा के हरहर से 60 सीएनजी सिलेंडर लेकर पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र के लोहड़ा गया था। वहां से वापस चियांकी लौटने के दौरान जोड़ के पास हाईवे पर गैस का रिसाव शुरू हुआ। चालक ने तुरंत सदर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसने समझदारी दिखाते हुए ट्रक को हाईवे से हटाकर जंगल की ओर मोड़ दिया। ट्रक में कुल करीब 650 किलो सीएनजी लोड थी। गैस का रिसाव बढ़ने से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। पुलिस ने हाईवे किया वन वे, दमकल भी पहुंची सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस टीम और जोड़ पिकेट के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर नेशनल हाईवे को वन वे कर दिया और वाहनों को दूसरी लेन से निकाला। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आसपास के इलाके को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए। इस दौरान करीब एक घंटे तक हाईवे पर सावधानी बरती गई। तकनीकी टीम ने बंद किया गैस रिसाव बाद में कंपनी की तकनीकी टीम की मदद से ट्रक से हो रहे गैस रिसाव को बंद किया गया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। गैस लीकेज बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर कुछ देर तक हाईवे को वन वे रखा गया था। पुलिस की तत्परता और चालक की सूझबूझ से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *