![]()
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में 25 से 30 अगस्त तक 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जा रहा है। नालंदा के 15 प्रतिभावान निशानेबाज अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिले के खिलाड़ी आज सोमवार(24 अगस्त 2026) को आसनसोल के लिए रवाना होंगे। कल्याण बिगहा इंडोर शूटिंग रेंज के मुख्य प्रशिक्षक लक्ष्मी शंकर उज्जैन ने बताया कि नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के तत्वावधान में पश्चिम बंगाल राइफल एसोसिएशन इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इसमें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अंडमान-निकोबार और छत्तीसगढ़ के शीर्ष निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। नालंदा के खिलाड़ी साधेंगे निशाना नालंदा राइफल क्लब और एकलव्य शूटिंग केंद्र के खिलाड़ी 10 मीटर एयर राइफल, 25 मीटर और 50 मीटर की विभिन्न स्पर्धाओं (एनआर इवेंट) में शिरकत करेंगे। टीम में विक्की, अजय राज, रूबिन, अभिनव, प्रसुन्न, सिमी, निखिल, आदित्य, प्रखर और उत्तम सहित कुल 15 खिलाड़ी शामिल हैं।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने का मौका प्रशिक्षक के अनुसार, इस ईस्ट जोन चैंपियनशिप में निर्धारित न्यूनतम क्वालीफाइंग स्कोर हासिल करने वाले निशानेबाजों को आगामी 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप का टिकट मिलेगा। पिछली 9वीं ईस्ट जोन चैंपियनशिप-2025 की मेजबानी नालंदा के कल्याण बिगहा और पटना के बिक्रम में हुई थी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का सीधा अनुभव मिला था। जिले के हरनौत प्रखंड स्थित कल्याण बिगहा इंडोर शूटिंग रेंज पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत का पहला अत्याधुनिक 35-लेन डिजिटल शूटिंग केंद्र है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैतृक गांव में बने इस केंद्र पर 10 मीटर एयर पिस्टल और एयर राइफल का अभ्यास होता है। यहां 25 और 50 मीटर रेंज का निर्माण भी प्रस्तावित है।
Source link
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में ईस्ट जोन शूटिंग प्रतियोगिता:नालंदा के 15 निशानेबाज दिखाएंगे दम, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने का मौका
