![]()
पाकुड़ जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस गश्त को मजबूत करने के लिए पुलिस को 18 नई मोटरसाइकिल और 14 बोलेरो वाहन मिले हैं। गुरुवार को राजमहल सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी, पाकुड़ विधायक निसात आलम, डीसी निधि द्विवेदी और एसपी अनुदीप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि झारखंड सरकार और पुलिस मुख्यालय रांची की ओर से जिले को कुल 14 बोलेरो और 18 नई मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। इन वाहनों को जिले के अलग-अलग थानों और ओपी में भेजा गया है, ताकि जरूरत के अनुसार पुलिस गश्त और कार्रवाई को तेज किया जा सके। तंग गलियों में भी आसान होगी पुलिस की पहुंच एसपी ने बताया कि नए वाहनों से खासकर रात की गश्त को मजबूत करने में मदद मिलेगी। मोटरसाइकिलों के जरिए पुलिसकर्मी थाना क्षेत्र की उन तंग गलियों और संकरी जगहों तक भी आसानी से पहुंच सकेंगे, जहां बड़े वाहनों से गश्त करना मुश्किल होता है। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आपराधिक घटनाओं को रोकने में पुलिस को मदद मिलेगी। बोलेरो और मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य गश्त की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाकर घटनाओं पर तेजी से प्रतिक्रिया देना है। वाहनों के बाद निकाला गया फ्लैग मार्च नए पेट्रोलिंग वाहनों को रवाना करने के बाद जिले में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने जिले में अपनी सक्रिय मौजूदगी का संदेश दिया। इसका उद्देश्य आम नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करना और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना था। पुलिस की ओर से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। नए वाहनों के मिलने से विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की आवाजाही और गश्त बढ़ने की उम्मीद है। सांसद बोले- अपराध कम करने के लिए सरकार लगातार कर रही काम राजमहल सांसद विजय हांसदा ने कहा कि राज्य सरकार जिले में आपराधिक घटनाओं को कम करने के लिए लगातार बेहतर काम कर रही है। पुलिस को मिले नए वाहनों से गश्त और आपातकालीन कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुलिस के नए वाहनों को रवाना किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों को जरूरत के हिसाब से अलग-अलग थाना और ओपी क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इससे रात में नियमित पेट्रोलिंग के साथ अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
Source link
पाकुड़ पुलिस को मिले 18 बाइक और 14 बोलेरो:रात की गश्त और क्राइम कंट्रोल में होगी मदद, थानों-ओपी को भेजे गए 32 नए पेट्रोलिंग वाहन
