![]()
पाकुड़ जिले में गणेश पूजा की धूम मची है। लोग बड़े उत्साह के साथ गणेश पूजा मना रहे हैं। कई जगहों पर भव्य पंडाल और आकर्षक प्रतिमाएं लगाई गई हैं। सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ दिख रही है। शहर की सार्वजनिक गणेश पूजा समिति रेलवे मैदान इस साल अपना 28वां वर्ष मना रही है। श्रद्धालु सुबह से ही पूजा-अर्चना में जुटे हैं। भक्तों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की जा रही है। समिति की ओर से इस साल भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। पूजा के लिए पूरा रेलवे मैदान, पूजा स्थल और स्टेशन रोड को भगवा झंडों से सजाया गया है। सोमवार सुबह स्थानीय कल पोखर से कलश भरा गया। इसके बाद कलश को पूजा पंडाल लाया गया। पुरोहित सजल चक्रवर्ती ने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ भगवान गणपति की पूजा शुरू की। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। पूजा-अर्चना के बाद उपस्थित भक्तों को पुष्पांजलि अर्पित करवाई गई। इसके बाद आरती हुई और लोगों के बीच प्रसाद बांटा गया। समिति के संस्थापक हिसाबी राय ने बताया कि गणपति महोत्सव में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आए कलाकारों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति इस साल कई तरह के भव्य कार्यक्रम कर रही है। रेलवे मैदान में गणपति महोत्सव का आयोजन आज से 17 सितंबर तक किया जाएगा। आज सुबह गणपति प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा, पुष्पांजलि और आरती का आयोजन किया गया। साथ ही बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, डांडिया और मटका फोड़ प्रतियोगिता सहित अन्य कार्यक्रम भी होंगे। इस महोत्सव का उद्घाटन पाकुड़ डीसी मेघा भारद्वाज और एसपी अनु दीप सिंह मिलकर करेंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। जिले के हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर के अलावा शहर के कई अन्य स्थानों पर भी गणेश पूजा पूरे उत्साह के साथ की गई। यहां भी भव्य पंडाल बनाए गए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
Source link
पाकुड़ में गणेश पूजा की धूम, 17 सितंबर तक आयोजन:रेलवे मैदान समिति 28वां वर्ष मना रही, भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे
