Headlines

पानीपत में घर में घुसकर परिवार को लाठी-डंडों से पीटा:उधार आलू मांगने पर विवाद, बच्चे को मारा थप्पड़; सामान भी तोड़ा




हरियाणा के पानीपत जिले के सनौली थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर-दो में एक मामूली बात ने हिंसक विवाद का रूप ले लिया। आरोप है कि उधार के आलू मांगने गए एक मासूम बच्चे को थप्पड़ मारकर भगा दिया गया। जब बच्चे की मां ने इसका विरोध किया, तो कुछ ही देर बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ घर में घुसकर हमला कर दिया। पीड़ित परिवार ने मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सनौली थाना पुलिस को शिकायत दी है। 9 जुलाई को आलू लेने गया था बच्चा गांव जलालपुर-दो निवासी शहनवाज पुत्र वकील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। शिकायत के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को उसकी बहन शादमा ने अपने बेटे उजैपा को उधार के आलू लेने के लिए अपने चाचा सादा पुत्र इकबाल के घर भेजा था। आरोप है कि वहां मौजूद चाची साजीदा ने बच्चे को आलू देने से इनकार कर दिया और उसे थप्पड़ मारकर घर से भगा दिया। घर में घुसकर की वारदात शहनवाज के अनुसार, जब उसकी बहन शादमा ने बच्चे के साथ मारपीट का कारण पूछा, तो बात बढ़ गई। आरोप है कि कुछ देर बाद साजीदा के बेटे समून और फैजान हाथों में डंडे लेकर उनके घर पहुंच गए। दोनों ने जबरन घर में घुसकर दरवाजा तोड़ दिया और घर में रखी खाट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ डंडों से बेरहमी से मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उसकी बहन नाजमा के साथ भी मारपीट की गई। परिवार के लोगों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। जान से मारने की दी धमकी शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपी परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए बोले कि, आज तो बच गए, आइंदा जान से मार देंगे। इस धमकी के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित शहनवाज ने सनौली थाना पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *