Headlines

पुलिस की कार्रवाई से नाराज शख्स आईजी कार्यालय पहुंचा:कहा- आरोपी पर 2-2 केस दर्ज है, फिर भी गिरफ्तारी नहीं हो रही; जान से मारने की धमकी देने का आरोप




गयाजी में बुनियादगंज पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए एक पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लेकर मगध क्षेत्र के आईजी के पास पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि दो अलग-अलग मामलों में नामजद मुख्य आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहा है, लेकिन पुलिस उसे अरेस्ट नहीं कर रही। थाने की कार्रवाई से निराश होकर पीड़ित ने आईजी को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। भेड़िया खुर्द गांव निवासी ताराकांत सिंह ने आईजी को दिए आवेदन में बताया कि 24 जून 2026 की रात उनके बड़े भाई सुभाष सिंह उर्फ चंद्रकांत सिंह के घर में सेंधमारी के बाद आग लगा दी गई थी। सुबह मोटर चालू करने पहुंचे तो घर से धुआं निकलता देखा। इसके बाद बुनियादगंज थाना और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित के अनुसार, इस घटना में करीब छह लाख रुपए की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। उन्होंने इस मामले में गांव गाफा खुर्द निवासी नीरज सिंह को मुख्य आरोपी बताया है। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और एक पुराने मामले में भी नामजद है। स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप ताराकांत सिंह का कहना है कि केस संख्या 362/2025 और केस संख्या 206/2026 दोनों में एक ही मुख्य आरोपी है, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। उनका आरोप है कि पुलिस हर बार यह कह कर टाल देती है कि आरोपी केरल या फिर कर्नाटक में है, जबकि वह पिछले आठ दिनों से गांव में ही मौजूद है। पीड़ित ने दावा किया कि गिरफ्तारी की मांग को लेकर चार से पांच बार थाना पहुंच चुके हैं। पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन दिया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने आईजी कार्यालय का रुख किया। जान से मारने की धमकी देने का आरोप आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक पुलिस अधिकारी की आरोपी से मिलीभगत है। यही वजह है कि कार्रवाई आगे नहीं बढ़ रही। पीड़ित ने यह भी कहा कि आरोपी लगातार मोबाइल नंबर बदलकर जान से मारने की धमकी देता है। इससे उनका पूरा परिवार दहशत में जी रहा है। गांव के कुछ लोगों पर भी आरोपी का सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। ताराकांत सिंह ने बताया कि आईजी ने उनकी पूरी बात गंभीरता से सुनी। उनके सामने ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को फोन कर मामले में सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही आश्वासन दिया कि अगर एक सप्ताह के भीतर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती है तो वे दोबारा आकर उनसे मिले। अब इस मामले में सबकी नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है। जानिए क्या है पूरा मामला दरअसल, नीरज सिंह रिश्ते में ताराकांत सिंह का दामाद है। किसी वजह से पत्नी अनबन होने की वजह दोनों अलग है। मामला कोर्ट में चल रहा है। जब से पत्नी अलग हुई है तब से नीरज अपने ससुराल के गांव में जाकर उत्पात मचाता है। ससुराल वालों को जान से मारने की धमकी देता है। गांव में पर्चा और पोस्टर चस्पा कर ससुराल वालों को धमका चुका है। यही नहीं बीते दिनों उसने अपनी ससुराल के बंद घर मे आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। इन घटनाओं से तंग आकर ही पीड़ित पक्ष ने आईजी से न्याय की गुहार लगाई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *