![]()
रायपुर में एक अलग तरह का पुलिस केस सामने आया, जिसमें पहले आरोपी को पकड़ा गया और उसके बाद पीड़ित को खोजकर एफआईआर की गई,दरअसल रात में इलाके में गश्त कर रहे थाना प्रभारी को एक युवक संदिग्ध नजर आया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसकी कहानी पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात करना कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके बताए सुरागों के आधार पर बाकी आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने कुछ घंटे पहले एक ट्रक ड्राइवर को चाकू दिखाकर लूटा था। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित ड्राइवर को तलाशा और उसकी शिकायत पर FIR दर्ज की। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गश्त के दौरान पकड़ा गया पहला आरोपी पुलिस के मुताबिक, इलाके में गश्त के दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। उसके जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर पुलिस ने आगे पूछताछ की तो लूट की वारदात का खुलासा हुआ। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि चारों ने मिलकर ट्रक ड्राइवर को निशाना बनाया था। पहले आरोपी पकड़ा, फिर पीड़ित की तलाश इस मामले में पुलिस की कार्रवाई का खास पहलू यह रहा कि पुलिस को पहले आरोपी मिला, जबकि पीड़ित की FIR बाद में दर्ज हुई। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने वारदात की जगह और आसपास के इलाके में पीड़ित की तलाश शुरू की। इसके बाद ट्रक ड्राइवर सुनील राम से संपर्क हुआ। उसने पुलिस को पूरी घटना बताई, जिसके आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज किया। रात 2 बजे ट्रक में सो रहा था ड्राइवर पीड़ित सुनील राम उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है। वह रायपुर के रांवाभाठा में रहकर ट्रक चलाता है। 26 अगस्त को वह जांजगीर-चांपा से लोहा लेकर ग्राम कोनारी स्थित श्री राम दूत इस्पात कंपनी पहुंचा था। कंपनी के बाहर ट्रक खड़ा करने के बाद वह केबिन में सो गया था। 27 अगस्त की रात करीब 2 बजे चार आरोपी ट्रक के केबिन का कांच खोलकर अंदर घुस गए। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसके बाद उसकी जेब से 4,500 रुपए नकद और करीब 5 हजार रुपए कीमत का Redmi मोबाइल लूटकर फरार हो गए। एक आरोपी बाइक से आया था वारदात के दौरान आरोपी आपस में शाहिल, सोनू और वीरू नाम लेकर एक-दूसरे को बुला रहे थे। एक आरोपी बाइक क्रमांक CG04QY6670 चला रहा था। इन्हीं सुरागों और आरोपियों के हुलिए के आधार पर पुलिस ने तलाश आगे बढ़ाई और चारों को गिरफ्तार कर लिया। चाकू, नकदी, मोबाइल और बाइक बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू, 4,500 रुपए नकद, Redmi मोबाइल और प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 59,500 रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी अकबर पारधी (23) — ग्राम जलसों, थाना तिल्दा नेवरा सोनू मांडवी (21) — ग्राम खमरिया, थाना तिल्दा नेवरा साहिल उइके (18) — ग्राम जलसों, थाना तिल्दा नेवरा विरुपदि (25) — ग्राम देवगांव, थाना खरोरा
Source link
पुलिस ने पहले आरोपी को पकड़ा,फिर पीड़ित को खोजकर कीFIR:गश्त में निकले TI को दिखा संदिग्ध, पूछताछ की तो निकला लुटेरा
