![]()
फाजिल्का जिला पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) को अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करों और अवैध हथियारों के सिंडिकेट के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। थाना सदर फाजिल्का की पुलिस ने सरहद पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशा मंगवाने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, हेरोइन, ड्रग मनी और वारदात में इस्तेमाल की जा रही कार बरामद की है। मामले का खुलासा करते हुए फाजिल्का के एसएसपी (SSP) गगन अजीत सिंह ने बताया कि बीते 13 अगस्त को थाना सदर पुलिस और बीएसएफ ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान भारत-पाक सीमा के पास स्थित गांव मुंबेके के धान के खेतों से एक पाकिस्तानी ड्रोन, एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 9 जिंदा कारतूस लावारिस हालत में बरामद किए थे। उस समय पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। टेक्निकल विंग और खुफिया इनपुट से दबोचे गए आरोपी एसएसपी ने बताया कि इस संवेदनशील मामले को ट्रेस करने के लिए पुलिस की टेक्निकल विंग और खुफिया सोर्स की मदद ली जा रही थी। इसी दौरान 26 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर पुलिस ने एक कार को रोका और उसमें सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिंकू सिंह उर्फ रॉकी पुत्र कुलदीप सिंह और तेजा सिंह पुत्र तारा सिंह (दोनों निवासी गांव मुंबेके, थाना सदर फाजिल्का) के रूप में हुई है ।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कार और उनसे की गई तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में हथियार औरर नशे की खेप और ड्रग मनी बरामद हुई है। तलाशी के दौरान बरामद हुआ यह सामान 2 पिस्तौल और 3 मैगजीन 7 जिंदा कारतूस 4 ग्राम हेरोइन 22 हजार रुपये की ड्रग मनी एक कंप्यूटर कांटा (नशा तोलने के लिए) 2 मोबाइल फोन और एक कार पूछताछ में कबूला जुर्म, पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच जारी एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि जब पकड़े गए आरोपियों से गहनता से पूछताछ की गई, तो उन्होंने कबूल किया कि 13 अगस्त को मुंबेके गांव के खेतों से जो पाकिस्तानी ड्रोन, पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए थे, वह खेप भी उन्होंने ही सरहद पार पाकिस्तान के तस्करों से ड्रोन के जरिए मंगवाई थी। पुलिस ने इस पुराने मामले में भी दोनों को नामजद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान इनसे यह पता लगाया जाएगा कि पाकिस्तान में बैठे किन तस्करों के साथ इनके संबंध हैं और पंजाब में ये हथियारों व नशे की सप्लाई आगे किन-किन गैंगस्टरों या असामाजिक तत्वों को करने वाले थे। मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
Source link
फाजिल्का में पाक कनेक्शन का पर्दाफाश:पुलिस ने ड्रोन से हथियार नशा मंगवाने वाले 2 तस्कर पकड़े, दो बार मंगवा चुके थे खेप
