Headlines

पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया…अब हेरोइन-तस्करी में एक्शन:जसबीर समेत 3 गिरफ्तार, घर से 70.460 ग्राम हेरोइन समेत 29.22 लाख का सामान जब्त




भिलाई-3 थाने के दो एसआई पर 50 हजार रुपए और क्राइम ब्रांच की टीम पर 2 लाख रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाने वाली जसबीर कौर उर्फ सोनू अब खुद हेरोइन तस्करी के मामले में गिरफ्तार हुई है। खुर्सीपार पुलिस ने 19 सितंबर को जोन क्रमांक-3, जीरो स्ट्रीट स्थित उसके मकान में दबिश दी। पुलिस ने वहां से 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपए बताई गई है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जसबीर कौर के साथ नितेश सोनी और तिरकेश निषाद को भी गिरफ्तार किया। इस दौरान दो नाबालिग भी मिले, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया। तीनों वयस्क आरोपियों को 20 सितंबर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जसबीर की मां रज्जी कौर पहले से ही 5.80 ग्राम चिट्टा बेचने के मामले में जेल में बंद है। घर से हेरोइन के साथ कैश और जेवर भी मिले पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में 70.460 ग्राम हेरोइन के अलावा 2 लाख 35 हजार 100 रुपए कैश मिले। इसके साथ 19 नग सोने के आभूषण, जिनका वजन करीब 71.35 ग्राम और कीमत करीब 9 लाख 65 हजार रुपए बताई गई है, चांदी के आभूषण, बर्तन, 8 मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया। पुलिस ने जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 29 लाख 22 हजार 300 रुपए बताई है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मकान से हेरोइन रखने और बेचने की जानकारी सामने आई है। मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोन क्रमांक-3, जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में हेरोइन की बिक्री हो रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद एक महिला ने भागने की कोशिश की, जिसे पकड़ लिया गया। इसके बाद मौके पर मौजूद बाकी लोगों को भी हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान हेरोइन, कैश, आभूषण, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू मिलने की बात पुलिस ने कही है। पहले पुलिसकर्मियों पर लगाए थे रिश्वत मांगने के आरोप जसबीर कौर का नाम इससे पहले उसकी मां की गिरफ्तारी के बाद सामने आया था। उसने आरोप लगाया था कि उसकी मां को ड्रग्स मामले में गिरफ्तार करने के बाद उसे छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों ने 50 हजार रुपए की मांग की। इसके बाद सुनील महाराणा नाम के युवक ने भी पुलिस पर हिरासत में मारपीट करने और छोड़ने के बदले 2 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया था। इन आरोपों से जुड़े ऑडियो सामने आने के बाद दुर्ग पुलिस ने पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ एसआई तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाने में पदस्थ एसआई देवलाल साहू को निलंबित कर रक्षित केंद्र अटैच किया था। मामले में शुरुआती जांच के निर्देश दिए गए थे। 2 जून को मां रज्जी कौर हुई थी गिरफ्तार 2 जून 2026 को पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने सिरसागेट यात्री प्रतीक्षालय के पास से जसबीर कौर की मां रज्जी कौर (50) को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक उसके पास से 5.80 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। जब्त माल की कुल कीमत 6 लाख 12 हजार 900 रुपए बताई गई थी। इसी मामले में सुनील महाराणा को भी पकड़ा गया था। इसके बाद जसबीर कौर ने एक ऑडियो जारी कर एसआई तुलसीराम साहू और एसआई देवलाल साहू पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। उसने साइबर क्राइम टीम पर भी 2 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया था। ऑडियो सामने आने के बाद एसएसपी विजय अग्रवाल ने दोनों एसआई को निलंबित कर दिया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *