Headlines

पूर्व मंत्री बोले- 'बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त':रामबालक सहनी हत्याकांड में मुकेश सहनी पीड़ित परिवार से मिले




खगड़िया। चर्चित रामबालक सहनी हत्याकांड के बाद विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी खगड़िया जिले के रहीमपुर गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक रामबालक सहनी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ होकर हत्या, लूट और अन्य संगीन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। सहनी ने कहा कि यदि प्रदेश में कानून का राज होता तो रामबालक सहनी की इस तरह निर्मम हत्या नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस और प्रशासन का कोई भय नहीं रह गया है, जिसके कारण आम लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी पीड़ित परिवार को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। मुकेश सहनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया, तो विकासशील इंसान पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने प्रशासन से स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वीआईपी पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने सरकार से अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने की भी मांग की। इस मौके पर वीआईपी जिलाध्यक्ष मनोहर सहनी, मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष एवं वीआईपी प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह, प्रधान महासचिव धर्मवीर सहनी, युवा जिलाध्यक्ष राजकिशोर चौधरी, सचिव विकेश सहनी, धर्मेंद्र सहनी, नरसिंह कुमार निषाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पीड़ित परिवार ने मुकेश सहनी के समक्ष मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग रखी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *