![]()
दमोह के पथरिया में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रामबाई की मौजूदगी में मंत्री लखन पटेल का पुतला जलाया। उन्होंने जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि उदयभान पटेल पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को एक आवेदन भी दिया है। यह पूरा विवाद जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि उदयभान पटेल द्वारा किए गए एक कमेंट को लेकर शुरू हुआ। शनिवार दोपहर बीएसपी कार्यकर्ताओं ने संजय चौराहे पर प्रदर्शन कर पथरिया थाना प्रभारी महेंद्र जगत को आवेदन दिया। इसमें उदयभान पर मामला दर्ज करने की मांग की गई है। बताया गया है कि उदयभान पटेल ने सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की पोस्ट पर पूर्व विधायक रामबाई के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। जब इसकी जानकारी बीएसपी कार्यकर्ताओं को लगी, तो उन्होंने रामबाई को इस मामले से बताया। इसके बाद शनिवार को उनकी मौजूदगी में पुतला जलाया गया। महिलाओं के लिए इस तरह की भाषा लिखना गलत पूर्व विधायक रामबाई ने कहा कि शुक्रवार रात पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें सोशल मीडिया पर लिखी कुछ पोस्ट के बारे में बताया, जिसमें उनके लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा, ‘मैं ज्यादा सोशल मीडिया नहीं चलाती और न ही इससे मतलब रखती हूं कि कोई क्या लिख रहा है, लेकिन नारियों के लिए इस तरह की भाषा लिखना बहुत गलत है।’ रामबाई ने आगे कहा कि जब से उदयभान पटेल की पत्नी जनपद उपाध्यक्ष बनी हैं, तब से सरपंच और सचिव परेशान हैं। उनके द्वारा हर काम में कमीशन मांगा जाता है। उन्होंने मंत्री लखन पटेल से भी ऐसे लोगों को खुद से दूर रखने को कहा, क्योंकि ये लोग उनकी छवि खराब कर रहे हैं। बीएसपी नेता भूपेंद्र सोनी ने भी कहा कि उनकी पार्टी की पूर्व विधायक रामबाई के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा गया है।
Source link
पूर्व विधायक रामबाई पर आपत्तिजनक कमेंट, बीएसपी ने पुतला फूंका:जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि पर FIR की मांग, पुलिस को दिया आवेदन
