![]()
जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद मंगलवार शाम गयाजी शहर में जश्न मनाया गया। जन सुराज के जिला अध्यक्ष रवि रंजन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य विजय जुलूस निकाला। इस दौरान ढोल-नगाड़ों, डीजे और आतिशबाजी के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और इसे बिहार में बदलाव की राजनीति की शुरुआत बताया। विजय जुलूस के दौरान शहर में उत्सव का माहौल रहा। जन सुराज के झंडों के साथ कार्यकर्ता नारे लगाते हुए आगे बढ़े। कई स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। विजय उत्सव के दौरान पूरे मार्ग पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज, डीजे की धुन और समर्थकों के जोशीले नारों से शहर का वातावरण देर शाम तक गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं ने इसे केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि बिहार में नई राजनीतिक सोच और जनभागीदारी की जीत बताया। जन सुराज नेताओं ने कहा कि यह जनादेश उन्हें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी भी देता है और वे बिहार के विकास, रोजगार, शिक्षा और बेहतर शासन के मुद्दों को आगे भी प्रमुखता से उठाते रहेंगे। पिछले मंगलवार को जीत के लिए मंगलागौरी मंदिर में कराया था विशेष अनुष्ठान जिला अध्यक्ष रवि रंजन ने बताया कि पिछले मंगलवार को गया के शक्तिपीठ मां मंगला गौरी मंदिर में प्रशांत किशोर की जीत के लिए विशेष हवन और पूजन कराया गया था। उन्होंने कहा कि मां मंगला गौरी से की गई कामना पूरी हुई और जनता ने जन सुराज के पक्ष में जनादेश दिया। रवि रंजन ने आगे कहा कि प्रशांत किशोर ने पिछले चार वर्षों तक लगातार पदयात्रा कर बिहार के गांव-गांव में जाकर लोगों की समस्याओं को समझा और उन्हें आवाज दी। उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पलायन और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को जनता के बीच लगातार उठाया गया, जिसका परिणाम इस जीत के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि बिहार की व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही थी और ऐसे समय में विधानसभा के भीतर एक मजबूत आवाज की आवश्यकता थी। रवि रंजन के अनुसार, अब प्रशांत किशोर विधानसभा में जनता के मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे। ‘जब तक विपक्ष मजबूत नहीं, तब तक लोकतंत्र की खुबसूरती अधूरी’ गयाजी जनसुराज के चीफ ने कहा कि जब तक विपक्ष मजबूत नहीं होगा, तब तक लोकतंत्र की खूबसूरती भी अधूरी रहेगी और सरकार की जवाबदेही भी प्रभावित होगी। जिला अध्यक्ष रवि रंजन ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल हमेशा विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश करता है, जबकि लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की मजबूत भूमिका जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि बिहार में युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं है और हजारों पढ़े-लिखे युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। उनके अनुसार, रोजगार, शिक्षा और विकास जैसे मूल मुद्दों पर गंभीर चर्चा की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब जाति और परंपरागत राजनीति से आगे बढ़कर विकास और जवाबदेही की राजनीति चाहती है। यही कारण है कि लोगों ने जन सुराज के पक्ष में अपना विश्वास जताया है। रवि रंजन ने दावा किया कि आने वाले दिनों में जन सुराज बिहार के हर जिले में और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।
Source link
प्रशांत किशोर की जीत पर गयाजी में जनसुराज का जश्न:कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ निकला जुलूस, बोले- बिहार में बदलाव की राजनीति शुरू
